Employees’ Provident Fund Organisation Productivity Linked Bonus: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने अपने कर्मचारियों को दिवाली से बड़ी सौगात दी है। संगठन ने तय किया है कि कर्मचारियों को 60 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (पीएलबी) दिया जाएगा। नोटिफिकेशन के मुताबिक पीएलबी 2018-2019 वित्त वर्ष के लिए समूह ‘सी’ और समूह ‘बी’ (अराजपत्रित) कर्मचारी को दिया जाएगा।

नोटिफिकेशन में कहा गया है कि 60 दिनों के बोनस का मूल्यांकन अंचल कार्यालयों द्वारा प्रस्तुत सूचना के आधार पर किया गया है। इसके अलावा नोटिफिकेशन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि बोनस के भुगतान से जुड़े नियम और शर्तें वित्त मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों, नियमों और शर्तों के अनुसार होंगी। प्रत्येक कर्मचारी को औसतन 7,000 रुपए तक की बोनस राशि मिलेगी।

बता दें कि अन्‍य सरकारी कर्मचारियों की तरह ही भविष्य निधि संगठनक के र्मचारियों के बोनस का फॉर्मूला भी बिल्कुल वहीं है और इसी से बोनस कैलकुलेट किया जाता है। बस उनके बोनस के दिन का फर्क है।

कर्मचारियों के वेतन (औसत मेहनताना) और जितने दिन का बोनस मिलेगा उससे गुणा करना होता है। इसके बाद जो संख्या आएगी उसे 30.4 से भाग किया जाता है। यहां 30.4 का मतलब एक महीने में औसत दिन से है।

वहीं ईपीएफओ ने छह करोड़ भविष्य निधि खाताधारकों के खातों में 2018-19 के लिए 8.65 प्रतिशत की ब्याज दर के हिसाब से 54,000 करोड़ रुपये डालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

बता दें कि सरकार ने पिछले महीने ही 2018-19 के लिये कर्मचारी भविष्य निधि पर 8.65 प्रतिशत ब्याज को मंजूरी दी थी। इससे पहले ब्याज दर 8.55 प्रतिशत थी। सरकार ने इसमें 2017-2018 के मुकाबले 0.10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। पीएफ की इस रकम पर मिलने वाले ब्‍याज में अब पहले के मुकाबले इजाफा कर दिया गया। अब दिवाली से पहले नई दर से मिलने वाला ब्याज उनके पीएफ खाते में पहुंच जाएगा।