केंद्र सरकार ने असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए डोनेट ए पेंशन स्कीम शुरू की है। इस योजना में असंगठित क्षेत्र के कामगारों को 60 साल की उम्र के बाद जीवनयापन करने के लिए सरकार की ओर से पेंशन दी जाया करेगी। वहीं डोनेट ए पेंशन स्कीम में कोई भी व्यक्ति अपने यहां काम करने वाले घरेलू कामगार, ड्राइवर सहित दूसरे कर्मचारियों के लिए पेंशन योजना का प्रीमियम भर सकता है। आइए जानते हैं डोनेट ए पेंशन स्कीम के बारे में….
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेद्र यादव ने ट्वीट करके बताया कि, मैंने अपने घर के माली के लिए पेंशन डोनेट की है। आपको बता दें डोनेट ए पेंशन स्कीम प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का ही हिस्सा है। जिसमें कोई भी व्यक्ति अपने यहां काम करने वाले कामगारों के लिए पेंशन के लिए प्रीमियत डोनेट कर सकते हैं।
डोनेट ए पेंशन स्कीम में होगा लाखों कामगारों को फायदा – केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि, भारत सरकार के श्रम मंत्रालय द्वारा डोनेट ए पेंशन स्कीम के लिए आईकॉनिक वीक चलाया जाएगा। जिसके तहत इस स्कीम में देश के असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिक ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि, इस स्कीम में देश के लाखों मजदूरों को फायदा मिलेगा।
डोनेट ए पेंशन स्कीम का कैसे मिलेगा फायदा – इस स्कीम में श्रमिक 18 से 40 की आयु में रजिस्ट्रेशन कराते हैं तो उन्हें सालाना प्रीमियम के तौर पर न्यूनतम 660 से 2400 रुपये देना होगा। जिसके बाद श्रमिक की उम्र 60 साल पूरी होने के बाद केंद्र सरकार की ओर से 3 हजार रुपये तक मंथली पेंशन दी जाया करेगी। सरकार के अनुसार इस पेंशन योजना से श्रमिकों को बढ़ापे में जीवन यापन करने में काफी मदद मिलेगी।
उमंग ऐप पर मिलेगी ई-श्रम पोर्टल की सुविधा – श्रम मंत्रालय ने उमंग ऐप पर ई-श्रम पोर्टल की सुविधा शुरू कर दी है। मंत्रालय के अनुसार अभी तक ई-श्रम पोर्टल पर 25 करोड़ से ज्यादा श्रमिकों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। जिन्हें केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से मंथली सहायता भी दी जा रही है। वहीं इस पोर्टल के जरिए श्रमिकों को कई दूसरी सुविधाएं भी मिलती हैं।