कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए लगाया गया देशव्यापी लॉकडाउन 14 मार्च को समाप्त हो जाएगा। जैसे-जैसे ये तारीख नजदीक आ रही है लोगों में इस बात को लेकर उत्सुकता है कि क्या एयर सेवाएं फिर से शुरू होंगे या नहीं। एयर यात्रा के लिए टिकटों की बुकिंग किस दिन से शुरू होंगी। क्या लॉकडाउन खत्म होने के अगले ही दिन यात्री एयर यात्रा कर पाएंगे।
नागरिकों की इस उत्सुकता पर सिविल एविएशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसपर जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा, ’15 अप्रैल तक लॉकडाउन है इसके चलते इस तारीख तक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सेवाएं बंद है। हम स्थिति के हिसाब से उड़ानों को बहाल करने पर विचार कर सकते हैं। यह इस पर निर्भर करेगा कि वे कहां से आ रही हैं। भारतीयों को लाने वाली किसी भी आगामी उड़ानों को लॉकडाउन खत्म होने का इंतजार करना होगा।’
बता दें कि भारत ने 24 मार्च की रात से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक यात्री उड़ानों को स्थगित कर दिया था। एयर सफर के अलावा रेल सफर को लेकर भी यात्रियों के मन में कई सवाल हैं। रेलवे ने भी इस पर जानकारी साझा की है। रेलवे ने कहा है कि सहायक कंपनी आईआरसीटीसी के द्वारा टिकट बुकिंग की जा रही है। हालांकि 24 मार्च से 14 अप्रैल तक के टिकट बुक नहीं किए जा सकते हैं क्योंकि इन सभी दिनों पर रेल सेवाओं को बंद किया गया है।
अगर 14 अप्रैल के बाद भी लॉकडाउन को आगे बढ़ाया जाता है तो यात्रियों को 15 अप्रैल या उससे आगे की डेट पर किए गए टिकट बुकिंग पर रिफंड किया जाएगा। एडवांस बुक टिकट खुद रद्द होंगे और पैसा यात्रियों के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।