7th Pay Commission, 7th CPC Latest News, Gujrat Government Employees Diwali Bonus: गुजरात सरकार ने शुक्रवार को राज्य के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली बोनस और महंगाई भत्ते (डीए) पर एकसाथ सौगात दी है। कर्मचारियों को बीते तीन महीने के महंगाई भत्ते के बकाये एरियर का भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही वर्ग-4 के कर्मचारियों को बोनस देने का फैसला लिया गया है।

उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने गांधीनगर में इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय कर्मचारियों को तीन महीने के डीए का भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही वर्ग-4 के कर्मचारियों को बोनस देने का फैसला लिया गया है। इन कर्मचारियों को दिवाली से पहले खाते में यह पैसा ट्रांसफर कर दिया जाएगा। डीए भुगतान का फायदा 9 लाख 61 हजार कर्मचारियों-पेंशनरों को मिलेगा और इससे सरकार के खजाने से 464 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

उन्होंने कहा कि ‘कर्मचारियों को बीते 6 महीने के डीए एरियर्स का भुगतान किया जाना था लेकिन कोरोना संकट के चलते उपजे हालातों से सरकारी खजाने पर असर पड़ा है। हालांकि हालात थोड़े बहुत सामान्य हुए हैं इस वजह से एरियर के 50 फीसदी राशि को जारी किया जा रहा है। कर्मचारी भी परिवार के साथ दिवाली मना सके इसके लिए मुख्यमंत्री रूपाणी से परामर्श के बाद यह फैसला लिया गया है।’

बोनस को लेकर उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘कर्मचारियों को 3500 रुपये का बोनस दिया जाएगा। यह बोनस वर्ग-4 के कर्मचारियों को दिया जाएगा। कुल 30,960 कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ पहुंचेगा।’