भारतीय क्रिकेट के सितारे युवराज सिंह ने आज अपने क्रिकेट करियर को अलविदा कह दिया। युवराज सिंह ने मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान अपने अन्तरर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर से संन्यास का ऐलान किया। युवराज सिंह के संन्यास के साथ ही उनसे जुड़ी कई यादें ताजा हो गई हैं। ऐसी ही एक याद है एक टीवी शो के दौरान की जब सलमान खान ने युवराज सिंह से पूछा था कि उन्हें सबसे खूबसूरत एक्ट्रेस कौन सी लगती है? इस पर युवराज सिंह ने बड़ी ही बेबाकी से कैटरीना कैफ का नाम लिया था। इस दौरान सलमान खान का रिएक्शन देखने लायक था। दरअसल उन दिनों सलमान खान और कैटरीना के अफेयर की चर्चाएं जोरों पर थीं।

यह घटना साल 2008 की है और टीवी शो 10 का दम में सलमान खान ने युवराज सिंह से उक्त सवाल किया था। सलमान खान इस शो को होस्ट थे और युवराज सिंह और हरभजन सिंह ने इस शो में बतौर गेस्ट शिरकत की थी। आज जब युवराज सिंह ने अन्तरर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर को विराम देने का ऐलान किया है, तो युवराज सिंह की वह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी लोग देख रहे हैं और उसे पसंद भी कर रहे हैं। युवराज सिंह के क्रिकेट करियर की बात करें तो युवराज व्हाइट बॉल क्रिकेट के खास खिलाड़ियों में शुमार किए जाएंगे, जिन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा पूरी दुनिया में मनवाया।

युवराज सिंह ने अपने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि 25 साल 22 यार्ड और करीब 17 साल अन्तरर्राष्ट्रीय क्रिकेट में बिताने के बाद मैंने अब आगे बढ़ने का फैसला किया है। इस खेल ने मुझे सिखाया कि किस तरह से लड़ा जाता है और गिरने के बाद कैसे फिर से खड़े होकर आगे बढ़ा जाता है। युवराज सिंह ने बताया कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि मैं भारत के लिए 400 मैच खेला। जब मैंने क्रिकेट खेलना शुरु किया था तो मैंने इसकी कल्पना भी नहीं की थी।