दुनिया में सबसे अधिक समय तक जिंदा रहने वाले इंसान के बारे में आपको जरूर जानकारी होगी। पृथ्वी पर मौजूद सबसे उम्रदराज इंसान के बारे में कई खबरें आती रहती हैं लेकिन क्या आपको इस बात की जानकारी है कि दुनिया में सबसे पुराना जमीनी जानवर कौन सा है? वह कितने साल का है? शायद आपको इसकी जानकारी नहीं होगी।

सेंट हेलेना द्वीप पर जोनाथन नाम के कछुए ने हाल ही में अपना 191वां जन्मदिन मनाया। जोनाथन की असली उम्र की कोई जानकारी नहीं है लेकिन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने कहा कि जब उसे 1882 में सेंट हेलेना द्वीप पर इसे ले जाया गया था। तब वह कम से कम 50 साल का था। जोनाथन अपनी प्रजाति की 150 साल की औसत जीवन को पार कर चुका है।

बताया गया कि यह कछुआ अपनी सूंघने की क्षमता खो चुका है और मोतियाबिंद के कारण लगभग अंधा हो चुका है लेकिन यह अभी भी ठीक ठाक खाना खता है। इसकी देखभाल करने वाली टीम द्वारा इस कछुए को फलों और सब्जियों का पौष्टिक खाना सप्ताह में एक बार हाथ से खाना खिलाया जाता है।

जीडब्ल्यूआर ने जोनाथन के बारे में इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर जानकारी दी है। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “सबसे पुराना जीवित जमीनी जानवर, जोनाथन कछुआ 191 साल का है।” इंस्टाग्राम पर शेयर किए जाने के बाद से इसे चार लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

कछुए की देखभाल करने वाले डॉक्टर ने बताया कि यह सोचना असाधारण है कि इस सौम्य विशालकाय जीव ने भूमि पर मौजूद हर दूसरे जीवित प्राणी, जिसमें निश्चित रूप से पूरी मानव जाति भी शामिल है, को पछाड़ दिया है। अब यह 191 साल का हो चुका है। रिकॉर्ड में जमीन पर रहने वाला ऐसा कोई जानवर नहीं है, जो उम्र इतनी हो।