उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां एक कैदी जेल से फरार हो गया। हालांकि फरार हुआ कैदी ज्यादा दिन आजाद नहीं रह पाया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्त में आने के बाद कैदी ने भागने के पीछे की जो वजह बताई, उसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया।

पुलिस की वैन से फरार हुआ कैदी

अमरोहा में एक कैदी पुलिस की गाड़ी से कूदकर भाग गया। पुलिस ने खोजबीन शुरू की और पुलिस एनकाउंटर में वह घायल हो गया। कैदी के पैर में गोली लगी और वह पकड़ा गया। इसके बाद हुई पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी पत्नी को खोजने के लिए भागा था।

पूछताछ में बताई भागने के पीछे की वजह

कैदी वाजिद ने पुलिसिया पूछताछ में बताया कि जब वह मुरादाबाद जेल में बंद था तो उसकी पत्नी उससे मिलने जेल में आती थी। इसी दौरान उसने अपने साथी कैदी रिजवान से भी परिचय करवा दिया। उसे पता ही नहीं चला कि कब दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल पड़ा। वाजिद का कहना है कि उसे अंदाजा नहीं था कि जिसे वह अपना दोस्त समझ रहा था, वहीं उसका दुश्मन बन जाएगा।

वाजिद के अनुसार, रिजवान कुछ दिन बाद ही जेल से बाहर आ गया। रिजवान जेल से निकलने के बाद वाजिद की पत्नी से मिलने पहुंच गया और कुछ दिन बाद ही दोनों भाग गए। इसकी जानकारी जब वाजिद को लगी तो वह आगबबूला हो गया। इसके बाद वाजिद ने इसका बदला लेने की योजना बनाई।

वाजिद अपनी पत्नी को खोजने और रिजवान से बदला लेने के लिए पुलिस की गाड़ी से भागने की कोशिशि की। हालांकि वह कामयाब नहीं हो पाया और पकड़ा गया। अब वाजिद के इस खबर की चर्चा खूब हो रही है। वहीं लापरवाही बरतने पर पुलिस वैन के चालक समेत तीन पुलिसवालों को भी सस्पेंड कर दिया गया।