हिंदी कवि और आम आदमी पार्टी के गैर-राजनैतिक प्रचारक डॉ कुमार विश्वास हास्य के साथ कविता कहते हैं। दुनिया भर की घटनाओं और शख्सियतों पर कवि सम्मेलनों व कार्यक्रमाें में चुटीली टिप्पणियां करते हैं। यूट्यूब पर उनका एक वीडियो मशहूर हो रहा है जिसमें वह टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा को ताने दे रहे हैं। सानिया ने 2010 में पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से निकाह किया था। यह वीडियो 2011 का है। वीडियो में कुमार कहते हैं, ”पिछले साल हमारी एक टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने शादी कर ली, दुश्मन से ऐसे भी बदला लिया जाता है।” इस पर श्रोताओं ने खूब तालियां बजाई। उत्साह बढ़ा तो कुमार ने आगे कहा, ”बाेले, अब तुम संभालो। हमारे यहां तो जो हाेना था, हो लिया। कोई बात नहीं, उनको शादी करनी थी। हमारे देश में दो कैरेक्टर ऐसे हैं, एक सानिया और एक सोनिया। ये मैच हारते रहते हैं और रैंकिंग में सुधार होता रहता है। पता नहीं क्या चक्कर है।”
कुमार ने आगे कहा, ”लड़कों का बड़ा दिल टूटा इसलिए नहीं कि उन्होंने शादी की, शादी तो उन्हें करनी ही थीं। इसलिए कि उन्होंने जीवन भर शोहरत हिंदुस्तान से ली और शौहर पाकिस्तान से लिया। लोगों ने तो कहा भी था कि अगर आपको हिटर ही लेना है तो हमारे यहां भी युसूफ पठान है, काहे इतना लंबा जा रही हैं आप।”
कुमार विश्वास यहीं नहीं रुके। काला धन के मुद्दे पर उन्होंने सानिया पर तंज कसते हुए उन्हें ‘गोरा धन’ बताया। इसके बाद उन्होंने एक मुक्तक सुनाया, उसके बाद दोनों मुल्कों की तारीफ शुरू कर दी। पूरे वीडियो में विश्वास ने विभिन्न शख्सियतों, देशों, संस्कृतियों पर उपहास किया और श्रोताओं ने खूब ठहाके लगाए। इस वीडियो को तीन दिन में सवा तीन लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
https://www.youtube.com/watch?v=uI1G48aTS7M
कुमार विश्वास दावा करते हैं कि वह फेसबुक और ट्विटर समेत सोशल मीडिया पर सर्वाधिक फॉलो किये जाने वाले हिंदी के कवि हैं। करोड़ों लोगों के बीच उन्होंने हिंदी को लोकप्रिय बनाने में योगदान दिया है लेकिन उन्हें केंद्र सरकार के कार्यक्रमों में नहीं बुलाया जाता और न ही किसी सरकारी संस्थान का सम्मान उन्हें मिला है। बहरहाल, सोशल मीडिया पर उनके वीडियो हिट हैं।
