भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज रहे सौरव गांगुली का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो को देख कोई भी हैरान हो सकता है। दरअसल इस वीडियो में सौरव गांगुली का ऐसा रूप देखने को मिल रहा है जिसे आज से पहले शायद ही किसी ने देखा हो। वीडियो में खास बात ये है कि इसमें सौरव गांगुली नाचते हुए दिख रहे हैं। हमेशा गंभीर रहने वाले सौरव गांगुली बच्चों की तरह नाच रहे हैं। वीडियो में सौरव ने ऑरेंज रंग की शर्ट पहनी हुई है। यह वीडियो कोलकाता के किसी नाइटक्लब का बताया जा रहा है। वीडियो में सौरव के साथ और भी कई लोग नजर आ रहे हैं। लेकिन वहां मौजूद कोई भी शख्स डांस के मामले में सौरव गांगुली को टक्कर देता नहीं दिख रहा है। गांगुली किसी किशोर की तरह हाथ ऊपर कर पूरे जोश के साथ नाच रहे हैं। ये शायद पहला ही मौका होगा जब सौरव गांगुली सार्वजनिक तौर पर इतनी मस्ती करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बता दें कि सौरव गांगुली का नाम भारत के सफलतम कप्तानों में शुमार है। टीम में युवा क्रिकेटर्स के चयन के पीछे सौरव गांगुली को ही जिम्मेदार बताया जाता है। वो सौरव ही थे जिन्होंने तमाम असफलताओं के बाद भी युवराज सिंह, हरभजन सिंह और महेंद्र सिंह धोनी जैसे क्रिकेटर्स पर दांव लगाया था। आज ये क्रिकेटर्स किस मुकाम पर हैं ये किसी से छुपा नहीं है।
सोरव गांगुली भले भारतीय टीम से रिटायर हो गए हों लेकिन उन्होंने क्रिकेट को अलविदा नहीं कहा है। सौरव इस वक्त बंगाल क्रिकेट एसोसियेशन के अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वह बीसीसीआई के विशेष सलाहकार समीति में भी हैं। सौरव को टीवी चैनल्स में क्रिकेट एक्सपर्ट के तौर पर भी अकसर देखा जा सकता है।

