न्‍यूजीलैंड के खिलाफ वनडे व टी20 सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ी इन दिनों अपने-अपने परिवार के साथ वक्‍त बिता रहे हैं। टी20 सीरीज में धीमी बल्‍लेबाजी के चलते पूर्व क्रिकेटरों के निशाने पर आए विकेटकीपर व पूर्व कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी भी रांची में पत्‍नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ हैं। एक छोटे से गेट-टुगेदर के दौरान एमएस धोनी का एक वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में साक्षी भी दिख रही हैं और वे धोनी से डांस करने को कहती हैं। वीडियो शुरू होते समय धोनी थोड़ा शर्माते हुए दिखते हैं, मगर एक बार ‘देसी ब्‍वॉयज’ के गाने ‘झक मारके’ की ट्यून बजते ही माही के पैर थ‍िरकने लगते हैं। उन्‍हें नाचता देख साक्षी भी अपनी हंसी रोक नहीं पाती। वीडियो के आखिर में धोनी मटकते हुए कैमरा के पास चले आते हैं। इस वीडियो को 12 घंटों के भीतर करीब 7 लाख लोग देख चुके हैं जबकि साढ़े 8 हजार से ज्‍यादा बार शेयर किया जा चुका है।

कुछ दिन पहले दिवाली पर धोनी ने परिवार के साथ पंजाबी पॉप सिंगर गुरु रंधावा की लाइव परफॉर्मेंस का लुत्‍फ उठाया था। इसका वीडियो भी इंस्‍टाग्राम पर वायरल हो गया था।

साक्षी अक्‍सर धोनी और जीवा के वीडियो अपलोड करती रहती हैं। ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले धोनी अपने पालतू कुत्‍ते के साथ खेलते नजर आए थे। उस दिन वर्ल्‍ड एनिमल डे भी था।

इससे पहले कोलकाता में कंगारुओं के खिलाफ दूसरे वनडे से पहले धोनी कोलकाता पुलिस शूटिंग रेंज में निशानेबाजी करते दिखे थे। वीडियो शेयर करते हुए कोलकाता पुलिस ने लिखा था कि ‘महान महेंद्र सिंह धोनी ने कुछ समय निकालकर पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में हमारी अत्याधुनिक शूटिंग रेंज में निशानेबाजी का अभ्यास किया। उनका निशाना सांस रोक देने वाला था।’