इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने का एक से एक क्रिएटिव आइडिया लोगों के पास है। कोई स्टंट करते वीडियो बनाता है तो कोई डांस के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर छा जाता है। ऐसा ही एक क्रिएटिव वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल है। ट्विटर और इंस्टाग्राम पर यह वीडियो तेजी से फैल रहा है। वीडियो में कुछ लड़के पानी के उपर क्रिकेट खेल रहे हैं। वीडियो में एक बल्लेबाज है तो एक गेंदबाज और दो फील्डर हैं। इसके अलावा स्टंप के रूप में एक बच्चे को पानी में खड़ा किया हुआ है। अंपायर के रूप में भी एक लड़का पानी में खड़ा है।
क्या दिया है वीडियो में?
गुरु चौधरी नाम के एक यूजर ने इस वीडियो को ट्विटर पर पोस्ट करते हुए लिखा है, “ऐसा क्रिकेट मैच कहीं नहीं देखा होगा आपने।” वाकई यह वीडियो बहुत अलग है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बल्लेबाज पहले स्टंप के रूप में खड़े बच्चे का हाथ पकड़कर स्टंप सही करता है। फिर गेंदबाज पानी में दौड़ता हुआ गेंद फेंकता है और उसके बाद फुल टॉस बॉल को बल्लेबाज काफी जोर से हिट कर देता है, लेकिन सबसे हैरान करने वाला काम किया फील्डर जो पानी में डाइव लगाकर कैच पूरा करता है।
लोगों के फनी कमेंट
वायरल वीडियो को 516.3K व्यूज मिल चुके हैं। इसके अलावा 300 लोगों ने इस वीडियो को रिट्वीट किया है। साथ ही इस वीडियो पर यूजर्स के फनी रिएक्शन भी आ रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए कहा है कि इस वीडियो पर आपत्ति जतानी चाहिए क्योंकि जो बच्चा विकेट बनकर खड़ा है उसे बैट भी लग सकता है। एक अन्य यूजर ने कहा है कि ध्यान से खेलना कहीं मिडल स्टंप ना उड़ जाए।
बता दें कि सोशल मीडिया पर ऐसा एक वीडियो पहले भी सामने आया था। उस वीडियो में नहर के पानी में कुछ लड़के क्रिकेट खेल रहे थे। लोगों ने उसे वॉटर क्रिकेट करार दिया था। उस वीडियो को देखकर भी लोग शॉक्ड थे।