बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक कार्यक्रम के दौरान अपना आपा खो बैठे। सीएम एक शख्स पर बुरी तरह भड़क गए थे। बोले- क्यों चें-चें कर रहे हो। अगर दिक्कत हो हमें बताओ। हम हल करेंगे। लेकिन जो बात कह रहे हैं, उसे ध्यान से सुनो। अगर बेटियों-बहुओं का ख्याल नहीं रखोगे। अगर वे नहीं होंगी तो ब्याह किससे करोगे। सीएम ने बातें तब कहीं, जब वह शख्स उनके संबोधन के बीच हो-हल्ला कर रहा था। वह अपने इलाके में विकास लेकर विरोध जता रहा था, जिस पर नीतीश अचानक बिफर गए थे।
यह मामला शुक्रवार (20 अप्रैल) का है। सीएम दरभंगा के एक कार्यक्रम में थे। वह मंच पर जनता को संबोधित कर रहे थे। महिलाओं और बेटियों का सम्मान करने के बारे में बता रहे थे, तभी भीड़ में एक शख्स विरोध जताने लगा। वह अपने इलाके में विकास न होने को लेकर सवाल कर रहा था।
नीतीश इसी पर बोले, “अरे यार, काहे के लिए बोल रहे हो। तुम आ जाओ यहां। तुम्हारे मन में कोई समस्या हो तो आ जाओ यहां। ऐसे चें-चें करने से कोई फायदा है? क्या मतलब है? तुम्हारे गांव में क्या दिक्कत है, बताओ आकर।”
#WATCH: #Bihar CM Nitish Kumar reprimands a man during a speech in Darbhanga for raising slogans over development work not being done in his area. Man was detained by Police & later released after CM's intervention* (earlier tweet with the word 'interference' has been deleted) pic.twitter.com/KpD0XgSCIl
— ANI (@ANI) April 20, 2018
सीएम ने आगे कहा, “हम बात जो बात कह रहे हैं, उसे सुनो गौर से। घर की बेटियों-बहुओं का ख्याल रखो। अगर उन्हें बीमारी हो तो उसका इलाज कराओ। अगर ये काम हम सिखा रहे हैं तो आप बीच में चें-चें कर रहे हो। मतलब क्या चाहते हो। अगर लड़की नहीं रहेगी तो ब्याह किससे करोगे। जरा बताओ तो? जितना लड़का होगा, अगर उतनी लड़की नहीं होगी तो बिना ब्याह के ही रह जाओगे न?”
नीतीश के झल्लाते ही पुलिस ने फौरन उस शख्स को हिरासत में ले लिया था। आसपास के लोगों में इसके बाद अफरा-तफरी मच गई थी। हालांकि, बाद में जब सीएम ने हस्तक्षेप किया तो उसे रिहा कर दिया गया।