एक ‘रेप’ पीड़ित लड़की सड़कों पर लोगों से मदद की गुहार लगा रही थी लेकिन कोई भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। लोगों से गुहार लगाती इस लड़की का वीडियो इंटरनेट पर वायरल भी हो रहा है। दरअसल यह वीडियो है लेबनान का। लेबनान में एक एनजीओ Abaad ने एक कैंपेन लॉन्च किया है। अपने कैंपेन के लिए ही Abaad ने यह वीडियो शूट किया है जिसके जरिए यह दिखलाने की कोशिश की गई है कि सड़क पर किसी ‘रेप’ पीड़ित को देखने के बाद लोगों की प्रतिक्रिया कैसी होती है?

इस वीडियो में रेप पीड़िता की भूमिका निभाई है मनाल नाम की एक लड़की ने। वीडियो में नजर आ रहा है कि यह लड़की रात के अंधेरे में अचानक रोते हुए सड़कों पर आती है और राहगीरों से फरियाद लगाती है कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है और प्लीज कोई उनकी मदद करे। इस पर कई लोग इस लड़की को डांटने लगते हैं। कुछ लोग तो उसे कहते हैं कि क्या उसने शराब पी है? इतना ही नहीं रोती-बिलखती मनाल को कुछ लोग यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि क्या तुमने ड्रग्स लिया है?

हालांकि कुछ महिलाएं उसकी मदद के लिए आगे आती हैं लेकिन वो भी थोड़ी ही देर में इस लड़की की मदद से अपने कदम पीछे खींच लेती हैं। इस दौरान कुछ लोग इस लड़की को वेश्या तक कह देते हैं। कोई भी राहगीर इस लड़की की गंभीरता से मदद करने को तैयार नहीं होता। एनजीओ Abaad ने इस कैंपेन के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। एनजीओ ने इस वीडियो को शेयर करने के बाद सवाल उठाया है कि ‘किसे शर्म आनी चाहिए?’ इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अब तक कई लोगों ने देखा है। कुछ लोगों ने एनजीओ की तारीफ भी की है और लड़की की मदद नहीं करने वालों के खिलाफ अपना गुस्सा भी जाहिर किया है।