पीएम सेल्फीवाली। यह वेब शो इस वक्त काफी सुर्खियों में है। मशहूर टीवी निर्माता एकता कपूर की कंपनी एएलटी बालाजी ने इसे तैयार किया है। शो की कहानी अचानक प्रधानमंत्री बनने वाली लड़की के ईद-गिर्द घूमती है। पात्र का नाम है- तान्या। वह स्वभाव की बेहद चंचल होती है। पीएम बनने पर वह अपने फैसलों-नीतियों के कारण नहीं जानी जातीं। बल्कि स्टाइलिश कपड़ों, फैशन सेंस और हरकतों की वजह से चर्चा का केंद्र बनती हैं। वह कार्यक्रमों, बैठकों और सम्मेलनों में सेल्फी लेना भी नहीं भूलती हैं। वह भी चेहरे के अजीबो-गरीब भाव भंगिमाओं के साथ।
यह फैशनपरस्त महिला पीएम सोशल मीडिया पर भी खासा सक्रिय रहती हैं। शो में अपने फेसबुक फ्रेंड्स को मित्रों कहकर पुकारती हैं। शो में नायिका तान्या होती हैं। वही आगे चलकर पीएम बनती हैं। नित्यमी शिरके ने इस किरदार को बखूबी निभाया है, जबकि बीना बर्नजी उसकी दादी बनी हैं। वह वेब शो में राजनेता की भूमिका में नजर आई हैं। बीना प्रधानमंत्री होती हैं, जिन पर कई आरोप लगते हैं और उन्हें अपनी गद्दी से हटना पड़ता है। लेकिन वह इसके बाद अपनी पोती को राजनतीति में उतारती हैं।
तान्या लंदन में पली-बढ़ी होती है। ऐसे में उसे पॉलिटिक्स का ककहरा मालूम नहीं होता। फैशन इतना अनोखा कि संसद के सत्र के दौरान वह सतरंगी साड़ी पहन कर सदन में पहुंच जाती है। हिंदी इतनी माशाअल्ला कि भाइयों और बहनों को ‘भाइयों और बहानों’ कहती है। यहां तक कि उसे यह भी पता नहीं होता है कि देश का पीएम कौन है।
पीएम सेल्फी वाली का पहला सीजन पिछले हफ्ते एएलटी बालाजी पर स्ट्रीम हुआ था। शो में तान्या के अलावा आम इंसान पार्टी और अरुनव ओस्वामी का किरदार भी काफी रोचक दिखाया गया है। पीएम बनने के बाद तान्या क्या और कैसे करती हैं। यह जानने के लिए एक नजर शो के प्रोमो पर डालें-