उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल अब खत्म हो रहा है। वेंकैया नायडू के विदाई समारोह पर बोलते हुए तमाम नेताओं उनके कार्यकाल और उनके साथ अपने रिश्तों का जिक्र किया लेकिन टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने वेंकैया नायडू की विदाई में कुछ ऐसा बयान दिया कि उपराष्ट्रपति भावुक हो गए!
विदाई भाषण में क्या बोले डिरेक ओ’ब्रायन?
डेरेक ओ’ब्रायन ने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के बचपन की एक बड़ी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि गांव में एक परिवार था, जिसके पास 8 बैल थे। इनमें से एक बैल एक दिन भड़क गया तो उसने महिला के पेट में सींग से हमला कर दिया। इस दौरान उसकी गोद में एक साल का बच्चा भी था, जिसे वहीं छोड़कर महिला को अस्पताल ले जाया गया पर उस महिला मौत हो गई।
जब भावुक हो गए वेंकैया नायडू
उन्होंने आगे कहा कि ‘महिला की गोद में जो बच्चा था वो मात्र एक साल के वेंकैया नायडू थे और जिस महिला की मौत हुई वो कोई और नहीं बल्कि उनकी मां थीं।’ अपने बचपन की इस घटना को सुनकर वेंकैया नायडू काफी भावुक हो गए और रोने लगे। इसके बाद उन्होंने अपने आंसू पोंछे और खुद को संभाल, फिर कार्यवाही आगे बढ़ी।
वहीं अपने विदाई कार्यक्रम में बोलते हुए वेंकैया नायडू ने भी एक किस्सा सुनाया। उन्होंने 5 साल पहले पीएम नरेंद्र मोदी के उस फोन कॉल का जिक्र किया, जिसमें पार्टी की तरफ से नायडू को उपराष्ट्रपति के लिए चुने जाने की जानकारी दी गई थी। नायडू ने कहा, ‘जिस दिन पीएम मोदी ने फोन कर बताया कि मुझे उपराष्ट्रपति के लिए चुना जा रहा है, तब मेरी आंखों में आंसू आ गए। ये आंसू सिर्फ इस बात पर आ रहे थे कि मुझे अपनी पार्टी छोड़नी पड़ेगी।’
वेंकैया नायडू को विदाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ‘मेरा ये सौभाग्य रहा है कि मैंने बड़े निकट से आपको अलग अलग भूमिकाओं में देखा है। आपकी बहुत सारी भूमिकाएं ऐसी भी रही, जिसमें आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का भी मुझे सौभाग्य मिला है। पीएम मोदी ने कहा कि ‘हम इस बार ऐसा स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं, जब देश के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, अध्यक्ष और प्रधान मंत्री वे सभी लोग हैं जो स्वतंत्र भारत में पैदा हुए थे और ये सभी बहुत ही सामान्य पृष्ठभूमि से हैं। मुझे लगता है कि इसका प्रतीकात्मक महत्व है।’