भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन के निधन की अवफाह के शिकार कई दिनों के बाद भारत सरकार के दो बड़े मंत्री भी हो गए। केंद्रीय सूचना व प्रसारण और कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी और केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने टीएन शेषन की मौत की अफवाह पर ट्वीट कर श्रद्धांजलि दे डाली। हालांकि दोनों ने ट्वीट हटा लिए। स्मृति ईरानी ने जितेंद्र सिंह के ट्वीट को रीट्वीट कर दुख जताया था। जितेंद्र सिंह ने ट्वीट में लिखा- ”श्री टीएन शेषन का 6 अप्रैल को निधन हो गया। उनकी पत्नी का एक दिन पहले निधन हो गया था। उनके बच्चे नहीं हैं। एक ईमानदार कैबिनेट सचिव और बाद में मुख्य चुनाव आयुक्त रहकर उन्होंने कई मिसालें कायम कीं, कई तरह से यह एक युग का खत्म होना है।” स्मृति ईरानी ने ट्वीट में लिखा- ”ओम शांति।” बता दें कि 31 मार्च को टीएन शेषन की पत्नी जयलक्ष्मी शेषन का निधन हो गया था। लेकिन कुछ शरारती तत्वों ने सोशल मीडिया पर टीएन शेषन की मौत की अफवाह फैलाकर झूठी श्रद्धांजलि दे डाली।

काफी समय से शेषन अपनी अपनी पत्नी के साथ चेन्नई के एक वृद्धाश्रम में रह रहे थे। बीते साल 15 दिसंबर को वृद्धाश्रम में टीएन शेषन का 85वां जन्मदिन भी मनाया गया था। पिछले दिनों सोशल मीडिया पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मौत की अफवाहों ने भी जोर पकड़ा था। बता दें कि टीएन शेषन 1955 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं। वह 1990 से 1996 तक देश के मुख्य चुनाव आयुक्त भी रहे हैं। शेषन कठोर निर्णयों और कई सुधारों को लेकर जाने जाते हैं।
Mrs Jayalakshmi Seshan, wife of Shri TN Seshan, Ex Chief Election Commissioner passed away yesterday.
Om Shanti! pic.twitter.com/LAwykGh490— Raghunath AS (@asraghunath) April 1, 2018

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जयलक्ष्मी ने एक बार कहा था कि उनके पति हमेशा सच्चाई के साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा था कि वह सच्चाई का साथ देने के लिए नौकरी और पत्नी तक को त्यागने के लिए तैयार थे। टीएन शेषन की कोई संतान नहीं है। कहा जाता है कि इसी वजह से दोनों ने वृद्धाश्रम में रहने का फैसला किया था।

