केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने बताया है कि धरती पर असली जन्नत कहां है? उन्होंने सोशल मीडिया पर उस जगह का वीडियो भी पोस्ट किया है। रिजिजू इसमें धरती पर जन्नत का दौरा करते दिख रहे थे। उनके साथ उस दौरान केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर और बॉलीवुड के जाने-माने गायक अदनाम सामी मौजूद थे। रिजिजू के साथ वे दोनों उस खूबसूरत जगह के नजारे ले रहे थे।

रविवार (तीन जून) को रिजिजू ने फेसबकु पर एक वीडियो अपलोड किया। एक मिनट 55 सेकेंड की इस क्लिप में वह और उनके साथ कुछ लोग मेचुका में थे। मेचुका एक छोट सा शहर है, जो उत्तर पूर्वी भारत के अरुणाचल प्रदेश में पश्चिमी सियांग जिले के अंतर्गत आता है। खास बात है कि यह शहर चीन की सीमा के बेहद नजदीक है। मैकमोहन लाइन के बाद यह राज्य का सबसे बड़ा शहर है।

मेचुका का दौरा करते मंत्री व बॉलीवुड गायक। (फोटोः फेसबुक)

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने इस वीडियो के साथ लिखा, “क्या आपने धरती पर कभी असली जन्नत देखी है? काश अमीर खुसरो अरुणाचल के मेचुका आते। बढ़ावा देने के लिए राठौर जी का शुक्रिया और सीमा के करीब रहने वाले लोगों के साथ अपनी जादुई आवाज साझा करने के लिए अदनाम सामी जी का धन्यवाद।”

रिजिजू, राठौर और सामी इस क्लिप में कुछ अन्य लोगों व पुलिसकर्मियों के साथ दिखे। वे मेचुका के दौरे पर निकले थे। रिजूजू ने उस दौरान इस खूबसूरत इलाके के बारे में सूचना और प्रसारण मंत्री व बॉलीवुड गायक को अन्य जानकारियां दीं। क्लिप के आगे के हिस्से में अनदान सामी उसी इलाके में परफॉर्मेंस देते नजर आए।

क्या खास है मेचुका में?: अरुणाचल में मेचुका पर्यटन के लिहाज से अहम माना जाता है। खूबसूरत वादियां, हल्की-हल्की बर्फ से ढंकी पहाड़ियां और पास में बहने वाले सियोम नदी (यार्गयाप चू) इस जगह को बेहद खास बनाती हैं। यहां पर 400 साल पुराना बौद्ध मठ भी है, जो पर्यटकों के बीच काफी आकर्षण का केंद्र माना जाता है।