स्पेन के बार्सिलोना शहर में एक शख्स को प्रैंक बनाना महंगा साबित हुआ है। शख्स ने वायरल वीडियो बनाने के लिए एक महिला को पीछे से लात मारी थी। मामला उसी के वीडियो से इतना बढ़ गया कि नौबत माफी और मुआवजे तक आ पहुंची। लात मारने वाला शख्स पीड़िता को अब 45 लाख रुपए से अधिक रकम देने के लिए राजी हुआ है। मारियो ग्रेसिया मोंटियालेग्र ने यह प्रैंक वीडियो शहर के डियागोनल मार इलाके में बनाया था। वह वीडियो बनाते हुए एक अनजान महिला के पास पहुंचा था, जो अपनी दोस्त के साथ सड़क किनारे खड़ी थी। वीडियो क्लिप में 24 वर्षीय मारियो महिला को लात मारने से पहले उल्टी गिनती गिनते नजर आ रहे थे। वह इसके बाद अचानक से दौड़ते हुए 48 वर्षीय महिला के पैर में कुंग फू स्टाइल में जोर से लात मार देते हैं। हमले के फौरन बाद वह वहां से भागने में ही अपनी भलाई समझते हैं। महिला इसके बाद बुरी तरह गिर जाती है। वह पीछे मुड़कर देखती है तो उसे हंसते और मजाक बनाते हुए मारियो दिखते हैं।
यह घटना फरवरी 2015 की थी, जिसकी क्लिप कैटलन पुलिस ने हाल ही में जारी की थी। साथ ही कहा था, “इस शख्स को पकड़ने में हमारी मदद करिए, जो बेगुनाह लोगों पर हमला करना ठीक समझता है।”
वीडियो वायरल होने के बाद मारियो खुद ही घर के पास स्थित पुलिस थाने पहुंच गए थे। अब वह पीड़िता को मुआवजा देने के लिए तैयार हुए हैं। प्रैंक के चक्कर में किए गए हमले में महिला की एड़ी में चोट के घुटने और बाजू में कुछ खरोंचें आई थीं। तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें अपने दफ्तर से 75 दिनों की छुट्टी लेनी पड़ी थी।

