अभिनेता ऋषि कपूर अपने को-स्टार श्रीदेवी के निधन से बेहद दुखी हैं। ऋषि कपूर ने काफी भावुक ट्वीट किये हैं, उन्होंने अपना ट्वविटर स्क्रीन काला कर दिया है। ऋषि कपूर ने लिखा है कि वह स्तब्ध हैं। फिल्म चांदनी में श्रीदेवी के साथ बेहतरीन अभिनय करने वाले ऋषि कपूर ने ट्विटर पर लिखा है कि चांदनी हमेशा के लिए चली गई है, हाय। अब इसके बाद कभी चांदनी रात नहीं। ऋषि कपूर ने दुबई से श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मीडिया में बॉडी कहे जाने पर भी नाखुशी जताई है। ऋषि कपूर ने कहा है कि मौत के चंद घंटे बाद ही आपकी पहचान खो जाती है और आप महज बॉडी बनकर रह जाते हैं। ऋषि कपूर ने ट्वीट किया, ”
श्रीदेवी अचानक से ‘बॉडी’ कैसे बन गई है? सभी टेलिविजन चैनल रिपोर्ट कर रहे हैं कि ‘बॉडी रात में मुंबई लाई जाएगी’ अचानक से आपकी पहचान, आपका व्यक्तित्व खो जाता है और महज एक बॉडी बन जाता है??”

ऋषि कपूर ने श्रीदेवी की मौत पर रविवार सुबह को भी ट्वीट किया था। फिल्म ‘चांदनी’ और ‘नागिन’ में उनके साथ काम कर चुके अभिनेता ऋषि कपूर ने कहा ‘‘ सुबह उठते ही श्रीदेवी के निधन की खबर सुनकर बिल्कुल स्तब्ध हूं।’’  उन्होंने लिखा, ‘‘सुबह उठते दुखद खबर मिली। बिल्कुल स्तब्ध हूं। दुखी हूं। बोनी और उनकी दोनों बेटियों को दिल से अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’’

इधर रविवार सुबह दुबई पहुंचे संजय कपूर ने खलीज टाइम्स से कहा कि घटना के समय वह होटल के कमरे में थीं। उन्होंने कहा, “हम स्तब्ध हैं। इससे पहले उन्हें कभी दिल में समस्या नहीं हुई।” अभिनेत्री सोनम कपूर के रिश्ते के भाई मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए श्रीदेवी अपने पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी कपूर के साथ दुबई में थीं। जबकि बॉलीवुड में पदार्पण करने जा रही उनकी बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर उस समय मुंबई में थीं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, श्रीदेवी का अंतिम संस्कार सोमवार (26 फरवरी) को मुंबई में किया जाएगा।