राजस्‍थान की जोधपुर कोर्ट ने 18 साल पुराने आर्म्स एक्ट मामले में अभिनेता सलमान को बरी कर दिया है। अदालत में जज ने सलमान से उनका नाम पूछा और फिर कहा कि ‘आप दोषमुक्‍त किए जाते हैं।’ अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए सलमान को आरोपों से बरी किया है। सलमान खान के खिलाफ दर्ज 4 मामलों से यह एक था। आरोप था कि सलमान की बंदूक या राइफल का लाइसेंस खत्म हो चुका था। 1998 में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान सलमान खान पर 3 अलग-अलग जगहों पर हिरणों का शिकार करने का आरोप है। इनमें से दो में उन्हें हाईकोर्ट से बरी किया जा चुका है। जबकि एक अन्य मामले की सुनवाई जोधपुर कोर्ट में 25 जनवरी को है। सलमान की बहन अलवीरा खान भी कोर्ट में उनके साथ थीं। मामले से जुड़े दोनों पक्ष की जिरह नौ जनवरी को पूरी हो गई थी, जिसके बाद मजिस्ट्रेट दलपत सिंह राजपुरोहित ने अभिनेता को अदालत में उपस्थित रहने का निर्देश देते हुए अपने फैसले को 18 जनवरी तक के लिए सुरक्षित रख लिया था।

सलमान खान पर अदालत का फैसला आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। काफी सारे लोगों ने इसे ‘कानून का मजाक’ बताया है। कई यूजर्स ने कहा कि इस फैसले से साबित होता है कि ‘सलमान ने हिरण को नहीं मारा, उसने आत्‍महत्‍या की थी।’ कई यूजर्स ने फैसले पर सवाल उठाते हुए मजाकिया लहजे में तंज भी कसे हैं। जैसे एक ने लिखा, ”अगर आज सलमान खान बरी नहीं होता तो.. मेरा तो आज पैसे से विश्वास ही उठ जाता।” इस तरह के संदेश कई यूजर्स ने साझा किए हैं।

देखें सलमान खान को बरी करने पर लोगों की प्रतिक्रियाएं:

https://twitter.com/drsharad_p/status/821638974221520896

सलमान के वकील ने कोर्ट में मजबूती से उनका पक्ष रखा था। सलमान खान के वकील ने पूरे मामले को ही गलत ठहराते हुए दमदार तर्क दिए थे। उनका कहना था कि सलमान खान का पता मुंबई के बजाय जोधपुर का बताया गया है और मुख्य गवाह पूनम चंद के बयान दर्ज नहीं कराए गए हैं। इसके साथ ही वन विभाग के अधिकारियों ने एयरगन बरामद होना बताया है।