रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अक्सर ही चर्चाओं में रहते हैं। अब एक बार फिर राष्ट्रपति पुतिन मीडिया में छाए हुए हैं। दरअसल राष्ट्रपति पुतिन ने एक कार्यक्रम के दौरान अत्याधुनिक क्लाशनिकोव राइफल पर अपने हाथ आजमाए। इस दौरान पुतिन ने 1968 फीट की दूरी पर स्थित एक टारगेट पर सटीक निशाने लगाकर सभी को चकित कर दिया। राष्ट्रपति पुतिन का निशाने लगाते हुए एक वीडियो भी सामने आया है। बता दें कि रूस की राजधानी मास्को में स्थित पेट्रिएट पार्क के शूटिंग रेंज में हथियारों के एक एग्जिबिशन के दौरान स्नाइपर राइफल SVCh-308 का खुद परीक्षण किया। राष्ट्रपति पुतिन ने सूट टाई पहने ही निशाना लगाया और अपने 5 में से 3 निशानों से टारगेट को भेदकर सभी को अपनी स्किल से हैरान कर दिया।

नई सेमी-ऑटोमैटिक कॉम्पैक्ट राइफल मशहूर क्लाशनिकोव राइफल का नया आधुनिक मॉडल है। क्लाशनिकोव कंपनी को साल 2013 में सोवियत संघ के समय के इजमाश और इजेवश्क मैकेनिकल प्लांट को मिलाकर बनाया गया था। एबीसी न्यूज के अनुसार, शूटिंग के दौरान कवर कर रहे एक रिपोर्टर का कहना है कि व्लादिमीर पुतिन किसी प्रोफेशनल स्नाइपर की तरह निशाना लगा रहे थे और उन्होंने अपनी सांसों को नियंत्रित कर सटीक निशाना लगाया। इससे पहले भी व्लादिमीर कई खतरनाक काम कर अखबारों की सुर्खियां बटोर चुके हैं। जिसमें फॉरेस्ट फायर से जूझते हुए और एक सबमरीन से काले सागर में गोता लगाना प्रमुख है। हालांकि बीते कुछ समय में रुस के अंदर राष्ट्रपति पुतिन की पॉपुलैरिटी में गिरावट आयी है। हालांकि वर्ल्ड फोरम पर पुतिन ज्यादा ताकतवर होकर उभरे हैं। जिस तरह से रुस और चीन की नजदीकियां बढ़ती जा रही है। विश्व राजनीति में उसके कई मायने निकाले जा रहे हैं।

हाल ही में राष्ट्रपति पुतिन पर रुस की एक पार्ट टाइम मॉडल को जहर देकर मारने के भी आरोप लगे हैं। हालांकि राष्ट्रपति पुतिन के प्रवक्ता ने इन आरोपों को सिरे से नकार दिया है। वहीं इस हमले में बची पीड़ित मॉडल एन्ना शैपिरो का आरोप है कि उन्हें पुतिन के एक गुर्गे ने मारने की कोशिश की।