मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड 2017 का खिताब अपने नाम कर फिर से क बार पूरी दुनिया में हिंदुस्तान की खूबसूरती का लोहा मनवाया है। 17 सालों बाद ये खिताब भारत के हिस्से आया है। आखिरी बार साल 2000 में प्रियंका चोपड़ा मिस वर्ल्ड बनी थीं। मानुषी की इस उपलब्धी पर पूरा देश उन्हें बधाइयां दे रहा है। फिल्म एक्टर रणदीप हुड्डा भी मानुषी की जीत से बहुत खुश हैं और उन्होंने इसका इजहार ट्वीट कर किया है। रणदीप हुड्डा ने इस मौके पर ट्वीट करते हुए लिखा- पहले उन्होंने खेल में फतह हासिल की और अब ग्लैमर में। हरियाणवी महिलाओं की बात ही अलग है। बहुत खूब मानुषी छिल्लर। खैंचे राक्खो मीटर। महारी छोरी छोर्या ते कम कती भी ना हैं। आपको बता दें कि मानुषी और रणदीप दोनों ही हरियाणा से हैं।

 

मिस वर्ल्ड 2017 का खिताब अपने नाम करने वाली मानुषी छिल्लर एक मेडिकल स्टूडेंट हैं। मेडिकल की पढ़ाई करते-करते मानुषी का सेलेक्शन मिस इंडिया के लिए हुआ। अपने खान-पान से लेकर अपने लुक्स बॉडी लैंग्वेज और अपनी डॉक्टरी की पढ़ाई और क्लासेस के बीच में मैनेज करना मानुषी के लिए आसान नहीं था। इस कॉन्टेस्ट में मिस इंडिया मानुषी से पूछा गया था कि किस प्रोफेशन को सबसे ज्यादा सैलरी मिलनी चाहिए और क्यों? इसका जवाब देते हुए मानुषी ने कहा कि एक मां को सबसे ज्यादा इज्जत मिलनी चाहिए और जहां तक सैलरी की बात है, तो इसका मतलब रुपयों से नहीं बल्कि सम्मान और प्यार से है।

मानुषी ने सान्या शहर एरीना में आयोजित समारोह में दुनिया के विभिन्न हिस्सों से 108 सुंदरियां को पछाड़ कर यह खिताब अपने नाम किया है। फर्स्ट रनरअप मिस इंग्लैंड स्टेफनी हिल और मिस मैक्सिको एंड्रिया मेजा को सेकेंड रनर अप बनाया गया। मिस वर्ल्ड 2016 की विजेता प्यूटरे रिको की स्टेफनी डेल वैले नई विश्व सुंदरी को प्रतिष्ठित ताज पहनाया। मानुषी ने इस साल फेमिना मिस इंडिया 2017 का खिताब जीता था।

बता दें कि ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा से लेकर डियाना हेडन तक अब तक छह भारतीय सुंदरियों को मिस वर्ल्ड का खिताब मिल चुका है।