कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार 12 अगस्त की शाम निधन हो गया। उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के चलते हुई। निधन से कुछ समय पहल तक वह न्यूज चैनल पर डिबेट शो में मौजूद थे। इसी शो के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी। राजीव त्यागी के निधन की खबर मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक में तेजी से फैल गई। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि अभी थोड़ी देर पहले जो शख्स टीवी चैनल पर एक्टिव दिख रहा था वह इस तरह से दुनिया अचानक छोड़ जाएगा।
राजीव त्यागी टीवी न्यूज डिबेट्स के चर्चित चेहरे थे। डिबेट्स में वह काफी बेबाकी औऱ आक्रमकता से कांग्रेस पार्टी का बचाव करते दिख जाते थे। कई बार डिबेट शो में उनके आचरण को लेकर विवाद भी हुआ। ऐसा ही एक विवाद था हिंदी समाचार चैनल न्यूज 18 हिंदी के एंकर अमीष देवगन के साथ।
न्यूज 18 हिंदी के लाइव डिबेट शो में राजीव त्यागी ने ऑनएयर अमीष देवगन के लिए बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। वह अमीष देवगन को गालियां देते हुए शो से निकल गए थे। इस शो के बाद अमीष देवगन को लंबे समय तक ट्रोल किया जाता रहा।
जब राजीव त्यागी के निधन की खबर आई तब अमीष देवगन अपने चैनल पर डिबेट शो होस्ट कर रहे थे। लाइव शो में अमीष देवगन ने राजीव त्यागी के निधन की खबर पढ़ी और हैरानी जताते हुए अपनी संवेदना व्यक्त की।
जैसे ही अमीष देवगन ने खबर सुनाई कि कांग्रेस प्रवक्ता अब नहीं रहे वैसे ही डिबेट शो में मौजूद पैनलिस्ट जयवीर शेरगिल भावुक होकर रोने लगे। वह ऑनएयर अपने आंसू पोछते दिखे। बाद में वह लाइव शो छोड़ निकल गए। जयवीर शेरगिल मशहूर वकील हैं और कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता भी हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का असमय निधन, एंकर @AMISHDEVGAN और कांग्रेस प्रवक्ता @JaiveerShergill ने जताया दुःख pic.twitter.com/XOSZ4IyHU1
— @HindiNews18 (@HindiNews18) August 12, 2020
बता दें कि राजीव त्यागी के निधन पर सोशल मीडिया यूजर्स न्यूज चैनल्स को ट्रोल कर रहे हैं। लोग लिख रहे हैं कि ये लोग अपनी टीआरपी के लिए आक्रामक बहस कराते हैं..उन्हें ये अंदाजी नहीं होता कि ये किसी की जान ले सकता है। दरअसल ऐसे लोगों का मानना है कि एक चैनल के डिबेट शो में बहस के दैरान ही उनकी तबीयत बिगड़ना शुरू हुई थी।