सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। ये तस्वीर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया की बताई जा रही है। वसुंधरा राजे की इस तस्वीर में कुछ ऐसा नजर आ रहा है जिसके चलते सोशल मीडिया पर उनका मजाक उड़ाया जा रहा है। दरअसल इस वक्त राजस्थान में कुछ इलाके बाढ़ में डूबे हुए हैं। इस बाढ़ ने वहां के लोगों के जानमाल का काफी नुकसान किया है। लोग बाढ़ से बेहाल हैं। बीते 31 जुलाई को प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दैरा किया था। मुख्यमंत्री ने हेलिकॉप्टर में बैठकर बाढ़ में डूबे क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया था। बाढ़ प्रभावित इलाकों के इसी हवाई दौरे की तस्वीर इस समय उनके मजाक का कारण बन रही है।
दरअसल हेलिकॉप्टर की खिड़की से बाहर झांकती वसुंधरा राजे की इस तस्वीर में उनके साथ एक शख्स और बैठा है। मुमकिन है कि ये मुख्यमंत्री के सचिव हों, हालांकि इस बात की कोई पुष्ट जानकारी नहीं है। इस तस्वीर में इन दोनों के बीच की जगह पर एक थैला रखा हुआ है जिसमें चिप्स, कोल्ड ड्रिंक और पानी की बोतल रखी हुई है। अब ये तस्वीर ओरिजनल है या फोटोशॉप इस बात की पुष्टि जनसत्ता.कॉम नहीं करता है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए लोग पूछ रहे हैं कि मुख्यमंत्री जी बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर गई थीं या फिर पिकनिक मनाने।
पिकनिक मनाने निकले है या बाढ़ का जायजा लेने ??? pic.twitter.com/7Oc8M7S39n
— Abhishek Mishra (@meamabhishek) August 4, 2017
वहीं कुछ लोगों का कहना है कि वसुंधरा राजे के बराबर में जो खाने पीने की चीजें दिख रही हैं वो बाढ़ पीड़ितों को बांटने के लिए ले जाई जा रही हैं।
बहुत से यूजर्स का कहना है कि तस्वीर में वसुंधरा नहीं बल्कि कोई और है। कुछ यूजर्स ये भी कह रहे हैं कि फोटो फर्जी है और फोटोशॉप से इसे बनाया गया है।