भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर और दीवार के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ आज अपना 46वां जन्मदिन मना रहे हैं। राहुल द्रविड़ क्रिकेट करियर के अलावा पर्सनल लाइफ में भी बेहद शांत स्वभाव के इंसान माने जाते रहे हैं। अंडर-19 टीम के वर्ल्ड कप चैंपियन बनने में बतौर कोच राहुल द्रविड़ की भूमिका बेहद अहम रही है। पर्सनल और प्रोफेशन लाइफ में नाम कमाने वाले द्रविड़ के साथ एक बार एक ऐसी घटना घटी थी, जिसने उन्हें भी कुछ समय के लिए सोचने पर मजबूर कर दिया था। दरअसल, राहुल द्रविड़ के साथ किया गया एक मजाक का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक 20 साल की लड़की बंद कमरे में द्रविड़ को शादी के लिए प्रपोज करती है। एमटीवी पर प्रसारित होने वाली पॉपुलर शो ‘एमटीवी बकरा’ पर एक बार राहुल द्रविड़ भी झांसे में आ गए थे। इस शो के दौरान एक लड़की द्रविड़ से इंटरव्यू लेने पहुंची। इंटरव्यू के बाद लड़की ने कैमरामैन को कमरे से बाहर भेज दिया और द्रविड़ से अकेले में बातचीत करने लगी।
इस दौरान लड़की ने द्रविड़ से शादी करने की बात कही, जिसे सुन द्रविड़ घबरा गए और कमरे से बाहर जाने लगे। इसी दौरान लड़की के पिता भी वहां पहुंचकर शादी के लिए द्रविड़ को मनाने लगे। इसके बाद राहुल द्रविड़ ने लड़की से उसकी उम्र जानने की कोशिश की। पता चला लड़की 20 साल की है, इस पर द्रविड़ ने उनके पिता को समझाया कि लड़की का ध्यान इ उम्र में पढ़ाई पर लगाइए। इसके अलावा द्रविड़ ने लड़की को इन चीजों से दूर रहने की सलाह भी दी।
Well Hardik Pandya incident reminded me of a young Rahul Dravid who was bullied in MTV Bakra and how well he responded to it. You always can set the right example if you have it in you. Must watch! pic.twitter.com/5X4Py9LvR9
— ChandramukhiStark (@FlawedSenorita) January 9, 2019
हालांकि, बाद में जब द्रविड़ को पता चला कि ये सब शो का हिस्सा है तो वीडियो देख उनकी हंसी छूट गई। बता दें कि इस वीडियो के नीचे कमेंट्स में लड़कियों को लेकर विवादित बयान देने वाले हार्दिक पांड्या को लोग निशाने पर ले रहे हैं। फैंस राहुल और पांड्या को महिलाओं की इज्जत कैसे की जाती है यह सीख द्रविड़ से लेने को कह रहे हैं। बता दें कि करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण 6’ में दिए गए विवादित बयान की वजह से पांड्या और राहुल सुर्खियों में बने हुए हैं।



