उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें कुछ लोग दूल्हे को पेड़ से बांधते हुए नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि शादी में जयमाल के बाद दूल्हे के परिजनों ने अधिक दहेज़ की डिमांड कर दी, जिसके बाद दुल्हन के परिजनों ने दूल्हे को ही बंधक बना लिया। मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया और दूल्हे को हिरासत में ले लिया गया है।
दूल्हा दुल्हन में हुआ विवाद, बनाया गया बंधक
जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ मानधाता थाना क्षेत्र के हरखपुर में बुधवार को जौनपुर जनपद के लोढ़ा का पुरवा से बरात आई थी। शुरूआती रीति रिवाज निभाने के बाद दूल्हे और दुल्हन में विवाद हो गया। दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया तो वहां लोगों ने उसे बंधक बना लिया और पेड़ से बांध दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई तो परिजनों ने दहेज मांगने का आरोप लगा दिया।
ऐसा भी किया जा रहा दावा
बताया तो यह भी जा रहा है कि दूल्हे के दोस्तों ने जयमाल के दौरान स्टेज पर दुल्हन के साथ चश्मा लगाकर फोटो खिंचवाने की बात कहने लगे। दुल्हन ने इससे इंकार कर दिया। दूल्हा भी दुल्हन को मनाने लगा तो दोनों में बहस हो गई और मामला बढ़ गया। हालांकि पुलिस के पहुँचने के बाद दूल्हा तो शादी के तैयार हो गया लेकिन दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया।
दूल्हे को पेड़ से बांधे जाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह पेड़ के बगल में खड़ा है और लोग उसे रस्सी से बांधते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कई लोग यह भी कहते हुए सुने जा रहे हैं कि इसको अच्छे से बांधों ताकि ये फिर शादी के लिए ना सोचे। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर प्रतापगढ़ पुलिस ने सिर्फ इतना ही कहा है कि मामला संज्ञान में है।
बताया जा रहा है कि शादी ना होने की स्थिति में कन्या पक्ष ने खर्च हुए रकम की डिमांड की, जिसकी भरपाई के लिए दूल्हा पक्ष तैयार हो गया। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इस पूरे मामले को लेकर दहेज से जोड़कर शेयर कर रहे हैं। हालांकि विवाद के जड़ की पुष्टि नहीं हो पाई है।