सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया गया है। इस वीडियो में एक कवि केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के सामने ही उनकी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निंदा करते हुए कविता सुना रहा है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो धीरे-धीरे वायरल हो रहा है। दरअसल ये वीडियो हिंदी न्यूज चैनल न्यूज 18 के कार्यक्रम का है। वीडियो में मुख्तार अब्बास नकवी के साथ शो के एंकर किशोर अजवानी भी नजर आ रहे हैं। वीडियो को फेसबुक पर भक्तों के पापा नाम के फेसबुक पेज से अपलोड किया गया है। इस पेज से अभी तक इस वीडियो को लगभग 5 हजार लोग देख चुके हैं वहीं मात्र 1 घंटे में ही करीब 200 शेयर भी हो चुका है। इस वीडियो को फेसबुक पर अपलोड करते हुए लिखा गया है- कैसे भाजपा नेता मुख्तार नकवी के सामने ही एक कवि ने भाजपा की धज्जियां उड़ा डाली।

इस वीडियो में मंच से कवि अपनी कविता में पूछ रहे हैं कि लोगों के 15 लाख कहां है। यही नहीं कवि किसानों से लेकर सीमा पर जवानों तक और अयोध्या में भगवान राम तक के मुद्दों पर भाजपा सरकार पर हमला कर रहा है। कवि को अपनी ही सरकार पर हमलावर होता देख मुख्तार अब्बास नकवी एंकर के बगल में बैठकर धीरे-धीरे मुस्कुरा रहे हैं। एंकर किशोर अजवानी भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं। कवि अपनी कविता में केंद्रीय मंत्री के सामने ही उसकी सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहा है, ये सब देख कार्यक्रम में जमकर तालियां भी बज रही हैं।

आपको बता दें कि न्यूज 18 का ये कार्यक्रम केंद्र की मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने पर केंद्रित था। इस कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियां गिनाने के लिए संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी मौजूद थे।