खांसी, जुखाम और बुखार ऐसी बीमारियां हैं, जो किसी को कभी हो जाती है लेकिन इससे परेशान एक महिला जब डॉक्टर के पास गई तो उसे हैरान करने वाली जानकारी पता चली। ऑस्ट्रेलिया की एक 64 साल की महिला के मस्तिष्क में जिंदा कीड़ा मिला है। महिला कई बीमारियों से परेशान थी जब वह डॉक्टर के पास गई तो यह परेशान कर देने वाली जानकारी सामने आई।
जानकारी के अनुसार, महिला को निमोनिया, पेट दर्द, दस्त, सूखी खांसी, बुखार और रात को पसीना आने जैसी तमाम दिक्कतें हो रही थीं। 2021 से ही महिला का स्टेरॉयड और अन्य दवाओं से इलाज चल रहा था। 2022 में महिला को डिप्रेशन और भूलने जैसी समस्या होने लगी, इसके बाद डॉक्टरों ने MRI कराने का फैसला किया।
डॉक्टरों को MRI के दौरान कुछ परेशानी दिखी तो उन्होंने ऑपरेशन करने का फैसला किया लेकिन इसी बीच उन्हें पता चला कि महिला के दिमाग में जिंदा कीड़ा है। डॉक्टरों का कहना है कि पहली बार उनकी जिन्दगी में ऐसा कोई मामला सामने आया है जिसमें महिला के दिमाग में जिंदा कीड़ा मिला हो।
महिला के दिमाग से 3 इंच लंबा पैरासाइट राउंडवॉर्म था, जिसे वैज्ञानिक ओफिडास्करिस रोबर्टसी के नाम से जानते हैं। वैसे यह पैरासाइट राउंडवॉर्म सांपों में पाया जाता है। अब हैरानी की बात यह है कि आखिर सांपों में रहने वाला यह कीड़ा महिला के दिमाग में पहुंचा तो पहुंचा कैसे? ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला के घर के पास एक झील है, उसमें बहुत से सांप हैं। वहां से ये कीड़ा महिला के घर के पास आया होगा।
महिला घर के पास के खेत में पालक उगाती है, पालक के पत्तों पर कीड़े का अंडा रहा होगा और जब इस पालक को खाया गया होगा तो उसका अंडा महिला के शरीर में प्रवेश कर गया होगा।
वहीं महिला का इलाज चल रहा है, वह अब पहले से स्वस्थ है। इससे पहले कभी भी पैरासाइट संक्रमण का इलाज किया ही नहीं गया तो डॉक्टर बड़े ही सावधानी से महिला को दवाई दे रहे हैं। हालांकि यह संक्रमण इंसानों से इंसानों के बीच नहीं फैलता है लेकिन जानवर से इंसानों के बीच किस तरह संक्रमण फ़ैल रहा है, उसका एक ताजा उदाहरण है।