टीवी डिबेट के दौरान होने वाले विवाद के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। अब एक ताजा विवाद में एबीपी न्यूज की एंकर रूबिका लियाकत का नाम जुड़ गया है। हालांकि रूबिका ने इसे लेकर ट्विटर पर सफाई भी दी है। दरअसल चैनल पर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा सड़क पर नमाज को लेकर डिबेड चल रही थी। बहस में शामिल होने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता सायरा शाह हलीम भी पहुंची थीं। जहां डिबेट के दौरान सायरा शाह हलीम नाराज होकर चली गईं। इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर अपनी नाराजगी का कारण बताया।
सायरा शाह हलीम ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि, ‘एंकर रूबिका ने मुझे नोएडा पुलिस द्वारा नमाज पर नोटिस को लेकर होने वाले डिबेट शो के लिए आमंत्रित किया था। इस दौरान रूबिका ने चिल्लाते हुए मुझे मुसलमान सायरा शाह हलीम कहकर पुकारा’। उन्होंने आगे लिखा कि, ‘मीडिया रूम का गिरता स्तर’। इस पर रूबिका ने सफाई दी है।
उन्होंने भी ट्विटर पर लिखा कि, ‘सायरा शाह हलीम आप बेहतरीन इंसान हैं। आपने मेरे पूछे गए सवाल को गलत समझा। डिबेट के दौरान मैंने पूछा था, परेशान कौन? मुसलमान! (पॉज़) सायरा शाह हलीम… जिसका मतलब था कि अब इस पर आपको बोलना है। मैं क्यों कहूंगी कि हिंदू रावत या मुसलमान सायरा… शांति’।
रूबिका लियाकत द्वारा ट्विट के जरिए सफाई देने के कुछ देर बाद सायरा ने उनको जवाब भी दिया। सायरा ने लिखा कि, ‘सब ठीक है रूबिका लियाकत। ऐसा हो जाता है। जल्द आपसे बात करूंगी’। वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर चैनल पर होने वाले डिबेट, सायरा और रूबिया को लेकर यूजर्स अलग अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। ट्विटर पर दिनेश चावला नाम के यूजर रूबिका के फेवर में लिखा कि, ‘रूबिका जी को मैं कई वर्षों से देख रहा हूं। उन्होंने धर्म को लेकर कोई पक्षपातपूर्ण बात अपने किसी भी शो में कभी नहीं की। उन्होंने हमेशा कहा है कि वो एक भारतीय हैं’।
