स्विट्जरलैंड के सेंट मोरित्ज में शाहिद अफरीदी रॉयल्स इलेवन ने सहवाग डायमंड्स इलेवन से आइस क्रिकेट सीरीज 2-0 से जीत ली। यह आइस सीरीज अल्पाइन पर्वत श्रेणियों की जमी हुई सेंट मोरित्ज झील पर कृत्रिम रूप से तैयार की गई पिच पर खेली गई। कड़ाके की ठंड के बावजूद यहां पहुंचे दर्शकों में जबर्दस्त जोश देखने को मिला। सहवाग की टीम को हराने के बाद भी पूर्व पाकिस्तानी दिग्गज शाहिद अफरीदी ने कुछ ऐसा किया कि भारतीय क्रिकेट के फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। अफरीदी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। दरअसल, इस दौरान अपने-अपने चहेते खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेने के अलावा उनके ऑटोग्राफ लेने का भी दौर चला। शाहिद अफरीदी भी दर्शकों से रू-ब-रू हुए। मजे की बात यह है कि न सिर्फ अफरीदी के पाकिस्तानी फैंस, बल्कि इंडियन फैंस भी उनसे मिलने को बेताब दिखे। अफरीदी भी खुद को नहीं रोक पाए उन्होंने बारी-बारी से प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और ऑटोग्राफ दिए।

इस दौरान इंडियन फैंस तिरंगा लेकर खड़े दिखे। अफरीदी ने उनके साथ भी फोटो खिंचवाई, लेकिन उन्होंने जैसे ही तिरंगे की ओर नजर डाली, तो उसे पूरा खुला नहीं पाया। उन्होंने कहा- ‘फ्लैग सीधा करो’ और इसके बाद ही फोटो खिंचवाई। तिरंगे के प्रति इस सम्मान के बाद सोशल मीडिया पर अफरीदी ने खूब तारीफें बटोरीं।

https://twitter.com/Nibrazcricket/status/962004645806718977

https://twitter.com/Nibrazcricket/status/962004645806718977

आपको बता दें कि 8 और 9 फरवरी को खेले गए मुकाबलों में शाहिद अफरीदी के अलावा उनकी टीम में शोएब अख्तर, अब्दुल रज्जाक, जैक कैलिस, ग्रीम स्मिथ, डेनियल वेटोरी, नाथम मैक्कुलम, ग्रांट इलियट, मोंटी पनेसर, ओवेस शाह, मैट प्रायर, एडेन एंड्रयूज शामिल थे। वहीं वीरेंद्र सहवाग की टीम में जहीर खान, मोहम्मद कैफ, अजीत अगरकर, महेला जयवर्धने, लसिथ मलिंगा, तिलकरत्ने दिलशान, माइक हसी, एंड्रयू साइमंड्स, मिथुन मन्हास, रमेश पोवार, रोहन जैन शामिल थे।