इस घोर कलयुग में आजकल न तो कलयुगी बेटे-बहू की कमी और ना ही कलयुगी मां-बाप की भी कमी है। कितने मामले ऐसे सामने आते हैं जहां प्रॉपर्टी के लिए बहू-बेटे या फिर बेटों ने मां-बाप को छोड़ दिया या कई मां-बाप भी अपने बच्चों को बेदखल कर देते हैं। ऐसी ही एक भावुक कहानी हम इस वायरल वीडियो के माध्यम से इस आर्टिकल में आपके लिए लाए हैं। इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक बुजुर्ग महिला नजर आती है जिसे कथित तौर पर उसके बेटे और बहू ने सड़क पर मरने के लिए छोड़ दिया है। इस बेबस और लाचार महिला का रेस्क्यू करने के लिए एक लड़का और लड़की वहां पहुंचते हैं और यह दोनों इस महिला के लिए किसी फरिश्ते से कम नहीं। ये दोनों उस बुजुर्ग महिला को एक नया जीवन देते हैं।
बहू-बेटे ने किया बेदखल
वायरल वीडियो के मुताबिक, बुजुर्ग महिला को उसके बेटे और बहू ने घर से बेदखल कर दिया। महिला अपनी एक पोटली के साथ दर-दर भटक रही होती है तभी वीडियो में एक लड़का और लड़की की नजर उस महिला पर पड़ती है। यह दोनों उस महिला से जाकर पूछते हैं कि आखिर वह ऐसे सड़क पर क्यों भटक रही हैं। पूछने पर बुजुर्ग महिला बताती है कि उसके बेटे ने उन्हें सड़क पर छोड़ दिया है। जब उस महिला से पूछा गया कि ऐसा क्यों हुआ तो महिला ने कहा कि उसके बेटे और बहू से उन्हें संभाला नहीं जा रहा था इसलिए उन्हें छोड़ दिया।
बुजुर्ग महिला को ऐसे मिली नई जिंदगी
इंस्टाग्राम पर यह वीडियो tarun.mishra17 नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया है। इस वीडियो को 65 लाख के करीब लोगों ने देख लिया है। वायरल वीडियो में एक लड़का और लड़की इस महिला को बेसहारा देखने के बाद उसकी मदद करते हैं और बुजुर्ग महिला को अपने आवास पर ले आते हैं। वीडियो में नजर आ रहे लड़का और लड़की HelpDriveFoundation के नाम से एक संस्था चलाते हैं जिसका काम बुजुर्ग और बेसहारा लोगों की मदद करना है। वीडियो में देखा जा सकता है कि इन दोनों ने महिला को अपने आवास पर लाकर उन्हें रहने की जगह दी और उन्हें खाना खिलाया। इतना ही नहीं उस महिला का नया ठिकाना उनका यह घर ही बन गया।
महिला ने बताई अपनी आपबीती
वीडियो में महिला बताती है कि उन्हें उनकी बहू और बेटे ने छोड़ दिया। उनका एक समय पर सोने का कारोबार था, लेकिन एक व्यापारी 15 किलो सोना लेकर फरार हो गया। महिला ने बताया कि उनके तीन बेटे थे एक बेटा इस दुनिया में नहीं रहा जिसकी फोटो यह मां हमेशा अपने पास रखती है। महिला अपने दुख दर्द को बयां करते-करते भावुक हो जाती है। वायरल वीडियो पर लोगों ने help drive foundation के इस काम को सराहा है। एक यूजर ने कमेंट कर कहा है कि आपके काम को देखकर मैं भी आपको देखकर सबकी मदद करने लगा हूं। एक और यूजर ने लिखा है- भाई साहब आप जैसे लोगों पर गर्व है सच्ची सेवा आप ही कर रहे हो इंसान की।