जहां एक तरफ भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव से सनल ससिधरन की फिल्म ‘सेक्सी दुर्गा’ और रवि जाधव की ‘न्यूड’ को हटाए जाने के बाद शुरू हुआ विवाद अभी थमा नहीं है। वहीं इंडिया टूडे के एंकर गौरव सावंत ने सेक्सी दुर्गा के नाम पर आपत्ति जताते हुए ट्वीट किया है। गौरव ने ट्वीट करके पूछा है कि फिल्ममेकर्स सिर्फ सेक्सी दुर्गा और सेक्सी राधा नाम ही क्यों इस्तेमाल करते हैं। क्या मैरी, फातिमा और आयशा के साथ कभी सेक्सी शब्द जोड़ा गया है। इसके बाद ट्विटर पर लोगों ने उन्हें चार्ली हेब्दो तक की याद दिला दी। दुर्गा और राधा दोनों हिन्दू देवियों के नाम हैं। वहीं फातिमा, मैरी और आयशा ईसाई और इस्लाम धर्म से जुड़ी महिलाओं के नाम है। सेक्सी दुर्गा फिल्म इस समय विवादों में है। भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव से न्यूड और सेक्सी दुर्गा हटाए जाने के बाद से चयन समिति के सदस्य इस्तीफे दे रहे हैं।
Why do film makers only use names like Sexy Radha & sexy Durga? Enlighten me has Sexy ever been prefixed with names like Mary, Fathima, Ayesha…
— GAURAV C SAWANT (@gauravcsawant) November 15, 2017
नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर जूरी के एक सदस्य ने बताया, “हमने सुना कि जिस समय प्रेस रिलीज भेजी गई थी, उसी समय दो फिल्में हटाई जा रही थीं। इसका कारण हमें नहीं पता है।” जूरी सदस्य ने कहा, “हमने उन्हें पत्र लिखा है। अब हम उनके स्पष्टीकरण का इंतजार कर रहे हैं।” जूरी ने हालांकि, सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मति ईरानी को क्लीन चिट दी है। जूरी सदस्य ने कहा, “वह इसे सही से करना चाहती थीं। चयन प्रक्रिया में उन्होंने सभी सही कदम उठाए। उन्होंने स्वंय जूरी सदस्यों और समिति के सदस्यों को चुना।” सदस्य ने आगे कहा, “लेकिन उनके ऊपर भी प्रभावशाली लोग हैं, जिनके सामने उन्हें झुकना पड़ गया होगा, जैसा कि आप जानते हैं कि यह चयन का समय है।” जूरी सदस्य ने बताया कि जब फिल्मों का चयन हो रहा था, उस समय कोई दखलअंदाजी नहीं थी। जूरी सदस्य ने कहा कि फिल्म ‘न्यूड’ में शायद नग्नता व अश्लीलता ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को परेशान किया हो, जिसके चलते यह हुआ। इस पर अभी तक सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी की टिप्पणी नहीं मिल सकी है।