भाजपा छोड़ने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू अब कांग्रेस के साथ आ गए हैं। 15 जनवरी को राहुल गांधी से मुलाकात के बाद सोमवार को उन्होंने कांग्रेस की आधिकारिक सदस्यता ले ली। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस को अपना घर बताया और कहा कि वे अपनी पैदायशी कांग्रेसी हैं। वे अपनी जड़ों को लौट आए हैं। इस दौरान सिद्धू ने कांग्रेस की तारीफों के पुल बांधे तो अकाली दल और प्रकाश सिंह बादल परिवार पर जमकर हमले बोले। यहां तक कि उन्होंने अपनी पुरानी पार्टी भाजपा को कैकेयी बता दिया। सिद्धू ने कहा कि वे सच बोल रहे हैं। इसी बीच सिद्धू भूतकाल में कांग्रेस पर भी करारे कटाक्ष कर चुके हैं।
उन्होंने अपने पुराने भाषण में कांग्रेस की मुन्नी बदनाम गाने से तुलना कर दी थी। साल 2014 में लोकसभा चुनावों के प्रचार के दौरान उन्होंने कहा, ” लोग कह रहे हैं रुपया गिर रहा है। लोग गिर रहे हैं। मुझे तो यह भी सुनने में आया है कि सरकार भी गिरेगी। कांग्रेस मुन्नी से ज्यादा बदनाम हो गर्इ।” इसमें सिद्धू ने कांग्रेस ने चोरों की बारात भी कह दिया था।
उन्होंने कहा था, ”हमारे पास दुल्हा(नरेंद्र मोदी) भी है और बारात भी। दूसरी ओर आगे-आगे मनमोहन सिंह और पीछे-पीछे चोरों की बारात है। एक तरफ शानदार नरेंद्र मोदी। दूसरी तरफ मनमोहन सिंह जो ना सरदार और ना असरदार। गुजरात में बिजली करंट मारती है। दिल्ली में बिजली का बिल करंट मारता है। मनमोहन सिंह इस देश को सोनिया की चिडि़या बनाना चाहते हैं। कांग्रेस की मंडी बड़ी नशीली है। इस मंडी में सबने मदिरा पी ली हैं। कमरबंद पुख्ता हैं सिर्फ दलालों के, अरे आम आदमी की धोती तो ढीली है।”
कांग्रेस पर सिद्धू ने शेरों-शायरी के जरिए हमले बोले और नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी। लेकिन अब पार्टी बदलने के बाद उनके सुर बदल गए हैं। उनका कहना है कि वे पंजाब के हित के हित के लिए कांग्रेस में आए हैं। उन्होंने कहा, ”लोग कहते हैं सिद्धू पार्टी को मां कहता था। लेकिन मां तो कैकेयी भी थी। सबको पता है मंथरा कौन है पंजाब में।”
