क्या आपने पहले कभी एलियन की लाशें देखीं हैं? क्या एलियंस का अस्तित्व है? इस बहस को सोशल मीडिया पर तब चिंगारी मिली जब अधिकारियों ने मेक्सिको की संसद में एक इवेंट के दौरान दुनिया के सामने इन लाशों की लाइव स्ट्रीमिंग की। दरअसल, मेक्सिको कांग्रेस की मेजबानी में लोगों को एलियन की लाशें देखने को मिली। दावा किया गया है कि ये लाशें लगभग 1000 साल पुरानी हैं। मानव शरीर की तरह दिखने वालीं इन लाशों के बारे में दावा किया जा रहा है कि ये एलियन की हैं। इन अवशेषों का खुलासा पत्रकार और यूफोलॉजिस्ट जैमे मौसन ने किया था।
इस बारे में मेट्रो ने बताया कि एलियन के शव 1,000 साल पुराने बताए जा रहे थे। मौसन ने सैन लाज़ारो विधायी महल में शपथ के दौरान कहा, “ये नमूने हमारे स्थलीय विकास का हिस्सा नहीं हैं… ये ऐसे प्राणी नहीं हैं जो यूएफओ के मलबे के बाद पाए गए थे। वे डायटम (शैवाल) खदानों में पाए गए थे और बाद में जीवाश्म बन गए। उन्होंने इससे संबंधित कई अज्ञात असामान्य घटनाओं के बारे में दावे किए।
हम इस विशाल ब्रह्मांड में अकेले नहीं हैं
मौसन ने आगे कहा कि नमूनों का अध्ययन ऑटोनॉमस नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ मैक्सिको (यूएनएएम) द्वारा किया गया था। जहां वैज्ञानिक डीएनए निकालने और एक उम्र स्थापित करने के लिए रेडियोकार्बन डेटिंग का उपयोग करने में सक्षम थे। “जनता को गैर-मानवीय प्रौद्योगिकी और गैर-मानवीय संस्थाओं के बारे में जानने का अधिकार है। मौसन ने कहा कि हम एक ऐसे विषय पर बात कर रहे हैं जो मानवता को जोड़ता है, अलग नहीं करता। हम इस विशाल ब्रह्मांड में अकेले नहीं हैं। हमें इस सच्चाई को अपनाना चाहिए।”
इस दौरान मौसन के साथ अमेरिकी नौसेना के पूर्व पायलट लेफ्टिनेंट रयान ग्रेव्स भी मौजूद थे। ग्रेव्स ने जुलाई के समय अमेरिकी कांग्रेस की सुनवाई में सबूत दिए थे। हार्वर्ड में खगोल भौतिकी के प्रोफेसर एवी लोएब भी शामिल हुए थे। प्रोफेसर लोएब ने उल्कापिंड से एकत्र किए गए गोलाकारों की अपनी हालिया जांच के परिणामों को शेयर किया। जिनके बारे में माना जाता है कि उनकी उत्पत्ति हमारे सौर मंडल के बाहर हुई थी।
मैक्सिकन कांग्रेस को संबोधित करते हुए लोएब ने कहा कि ‘यह सोचना हमारा अहंकार है कि हम अकेले हैं’। उन्होंने सुझाव दिया कि शायद मानव जाति से पहले ग्रह पर अन्य प्राणी भी थे। अब इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग दो धड़ में बंट गए हैं। कोई कह रहा है कि इन सब का कोई फायदा नहीं है तो वहीं कई का मानना है कि एलियन का अस्तित्व है। वैसे इस बारे में आपकी क्या राय है?