ऑस्ट्रेलिया के गणितज्ञ स्टीफन मेंडल ने 14 बार लॉटरी का जैकपॉट जीता है। खास बात यह है कि लॉटरी जीतने के लिए स्टीफन मेंडल ने किसी भी तरह के नियम का उल्लंघन नहीं किया। यह जीत उन्होंने अपनी बुद्धि के दम पर हासिल की है। स्टीफन मेंडल का जन्म रोमानिया में हुआ और वो मूल रुप से ऑस्ट्रेलिया के रहने वाले हैं। स्टीफन रोमानिया में एक इकोनॉमिस्ट के तौर पर कार्य कर चुके हैं। दरअसल लॉटरी सिस्टम को क्रैक करने के लिए स्टीफन ने 5 अंकों का एक फॉर्मूला बनाया है जिससे छठें अंक का अनुमान लगाना उनके लिए काफी आसान हो गया। यह फॉर्मूला एल्गोरिथ्म पर आधारित है। स्टीफन ने इस फॉर्मूले को कॉम्बिनेशन कंडेंसेशन का नाम दिया है। रोमानिया के अलावा स्टीफेन ब्रिटेन, इजरायल, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका में भी लॉटरी खरीद कर जीत हासिल कर चुके हैं। 58 साल के स्टीफन ने कई अहम पुरस्कार भी जीते हैं।

ऑस्ट्रेलिया में अपने फॉर्मूले के दम पर स्टीफन एक बाद एक कई लॉटरी जीत गए। इसके बाद वो हर लॉटरी खरीद लेते और फिर अपने फॉर्मूले से जैकपॉट भी जीतने लगे। 12 बार सफलता हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलियन सरकार ने लॉटरी सिस्टम के नियमों में कुछ बदलाव कर दिये। सरकार ने नियमों में बदलाव करते हुए किसी एक शख्स द्वारा लॉटरी की सभी टिकटों की खरीद पर रोक लगा दिया। इसके जवाब में स्टीफन मेंडल ने अपन चार बिजनेस पार्टनर बना लिये। इसके बाद स्टीफन मेंडल को रोकने के लिए ऑस्ट्रेलियन सरकार ने लॉटरी के लिए नियमों में एक और बदलाव किया। नये नियम के तहत इस बार ऑस्ट्रेलियन सरकार ने किसी एक ग्रुप के लॉटरी खरीदने पर प्रतिबंध लगा दिया। इस बार स्टीफन मेंडल ने लॉटरी फर्म बना लिया।

स्टीफन ने लॉटरी के विनिंग नंबर को कैलकुलेट करने के लिए एक खास तरह का सॉफ्टवेयर बनाया है। एक सिंगल कॉम्बिनेशन निकालने के लिए स्टीफन 30 से ज्यादा कंप्यूटर का इस्तेमाल करते हैं और इस काम के लिए उन्होंने 16 कर्मचारियों को नौकरी पर भी रखा है। निवेशक जुटाने के लिए स्टीफन ने पैसिफिक फाइनेंशियल रिसोर्सेस नाम की एक कंपनी भी बनाई। स्टीफन का कहना है कि फॉर्मूले की मदद से वह दोस्तों से पैसे लेकर लॉटरी के कई टिकट लेते थे। एक बार लॉटरी जीतने पर करीब 15 हजार पौंड (14 लाख रुपए) की रकम मिलती थी। सारे खर्च निकालने के बाद 3 लाख रुपए बचते थे।

हालांकि स्टीफन के लिए यह सबकुछ इतना आसान भी नहीं रहा है। साल 1960 में रोमानिया में कई युवाओं ने पैसों की किल्लत और दूसरी परेशानियों की वजह से जरायम (अपराध) की दुनिया में कदम रख दिया। लेकिन उस वक्त युवा स्टीफन ने लॉटरी के क्षेत्र में काम करने की योजना बनाई। अलग-अलग देशों के लॉटरी सिस्टम में जीत हासिल कर अपनी पहचान बनाने वाले स्टीफन को कुछ लोगों ने लॉटरी में पैसा निवेश करना का प्रस्ताव भी दिया है। आपको बता दें कि जिब्राल्टर में स्टीफन लॉटरी सिस्टम बनाने में नाकाम रहे जबकि इजरायल में एक निवेश घोटाले के मामले में स्टीफन को जेल भी हुई।