आगरा में एक कंपनी ने अपने मेहनती कर्मचारियों को पुरस्कार देने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया था। लेकिन ये कार्यक्रम एक मनहूस वाकये में तब्दील हो गया। दरअसल मुंबई के रहने वाले विष्णु चंद्र दूधनाथ पांडे एक ट्रैवल कंपनी में एक्जीक्यूटिव थे। वह एडमिन डिपार्टमेंट का कामकाज देखते थे। कंपनी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वह भी शामिल होने पहुंचे थे। विष्णु चंद्र दूधनाथ पांडे घर से पूरी तैयारी के साथ चले थे।
ताजमहल के दीदार करने की उनके अंदर खुशी थी। लेकिन ऊपर वाले को शायद यह सब मंजूर नहीं था। कंपनी ने 31 मार्च को ताजगंज स्थित एक शानदार होटल में कार्यक्रम आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में कंपनी के कई राज्यों से आए पदाधिकारी शिरकत कर रहे थे। कंपनी ने विष्णु चंद्र दूधनाथ पांडे की मेहनत का सम्मान करते हुए उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित करने का फैसला किया।
Dance Down Death: अपने काम काम पुरस्कार पाकर वह फूला नहीं समाया। खुशी से झूम उठा और मंच पर जाकर नाचने लगा। सभी उसकी खुशी के क्षणों को कैमरे में कैद कर रहे थे तभी अचानक वह मंच पर गिरा और फिर नहीं उठ सका। pic.twitter.com/C8QUYW2CeB
— nawal mishra (@NawalAdn) April 1, 2018
मंच से उनके नाम की घोषणा हुई। अपना नाम सुनते ही विष्णु चंद्र दूधनाथ पांडे बेहद खुश हुए और नाचते-नाचते अवॉर्ड लेने पहुंचे। उनकी इस अदा को देखकर कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग बेहद खुश हुए तालियां बजाकर उनका स्वागत किया गया। स्टेज पर पहुंचकर भी वह घूम-घूम कर नाचने लगे। तभी वह अचानक से गिर पड़े। अचानक से तो लोगों को यकीन ही नहीं हुआ। कुछ लोगों ने सोचा कि वह डांस ही कर रहे हैं। लेकिन कुछ सेकेंड तक वह नहीं उठे तो स्टेज पर मौजूद एक शख्स ने उन्हें झकझोरा। इसके बाद लोगों को समझ में आया कि उन्हें कुछ हुआ है। उन्हें तत्काल ही अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि दिल का दौरा पड़ने की वजह से उनकी मौत हुई है। कंपनी के अधिकारियों ने भारी मन से इस घटना की सूचना मृतक के परिवारवालों को दे दी है। इस घटना की जानकारी होने के बाद ही परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल है।

