देश का नाम बदलकर इंडिया से भारत किए जाने की खूब चर्चा हो रही है। इस पर जमकर राजनीति शुरू हो गई है। कहा जा रहा है कि G20 के बाद जो संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है उसमें देश का नाम इंडिया से बदलकर भारत किए जाने का प्रस्ताव सरकार ला सकती है। अब इसका विरोध और समर्थन दोनों शुरू हो चुका है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का एक ट्वीट सामने आया है।

उपमुख्यमंत्री ने किया ये ट्वीट

सोशल मीडिया पर लोग देश का नाम बदले जाने की चर्चा पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया, “जब देश जीतता है तो भारत माता की जय बोला जाता है, इंडिया माता की नहीं!” सोशल मीडिया पर लोग केशव प्रसाद मौर्य के इस ट्वीट पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

पवन अग्रवाल ने लिखा, ‘अरे भाई इंडिया हो या भारत या हिंदुस्तान हमारे लिए सभी नाम महान और श्रद्धा के प्रतीक है। जो रखना चाहे रख लो। इसमें विरोध क्यों, झगड़ा क्यों। जिसको जो सुविधाजनक लगे वो बोलो।’ आरती सिंह ने लिखा, ‘टीम इंडिया कहते हैं टीम भारत नहीं, मैदान में कोई भारत-भारत नहीं चिल्लाता, इंडिया-इंडिया ही चिल्लाता है।’ एक अन्य ने लिखा, ‘अचानक से INDIA शब्द से इतनी नफ़रत क्यों माननीय उपमुख्यमंत्री जी।’

@wasimopedia ने लिखा, ‘हम तो हिन्दुस्तान जिंदाबाद बोलते हैं और I Love My India बोलते हैं।’ देशराज नाम के यूजर ने लिखा, ‘अरे नाम ही बदलना है सीधा अमरीका रख दो, हो गए विकसित राष्ट्र।’ सुजीत चौधरी ने लिखा, ‘जो सच्चे देशभक्त हैं उनके लिए भारत और INDIA एक ही है। फर्जी लोगों को ही भारत और INDIA अलग नजर आ सकता है।’ अभय ने लिखा, ‘माननीय उपमुख्यमंत्री जी 9 साल से कहां थे आप लोग जब मेक इन इंडिया, खेलेगा इंडिया जीतेगा इंडिया नाम रखा गया था? भारत सरकार को भी तो गवर्नमेंट ऑफ़ इंडिया ही लिखा जाता है ना?’

बता दें कि G20 के डिनर इनवाइट पर प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिखे जाने के बाद यह मामला तूल पकड़ लिया था, इस बात की चर्चा होनी लगी कि सरकार ने संसद का जो विशेष सत्र बुलाया है, उसमें नाम बदलने का प्रस्ताव आ सकता है। वहीं विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है, “जो लोग भारत नाम पर आपत्ति जता रहे हैं उन्हें एक बार संविधान पढ़ लेना चाहिए. इंडिया दैट इज भारत’ और यह संविधान में है। मैं हर किसी को इसे (संविधान) पढ़ने के लिए कहूंगा।”