राष्ट्रपति पद की एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) समर्थन जुटाने के लिए कई राज्यों मैं जा रही हैं। जहां उनका जोरदार स्वागत भी किया जा रहा है। इसी क्रम में वह मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंची थी। जहां मुख्यमंत्री एन. वीरेंद्र सिंह सहित पार्टी के विधायकों और सांसदों ने उनका स्वागत किया। इसी बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने अपनी सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्टर शेयर कर पीएम मोदी पर तंज कसा।

पोस्टर में क्या है? : कांग्रेस नेता जयराम रमेश द्वारा शेयर किए गए फोटो में बीजेपी मणिपुर के एसटी मोर्चा द्वारा राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया गया है लेकिन पोस्टर में द्रौपदी मुर्मू की जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगाई गई है। इसी को लेकर जयराम रमेश ने तंज कसते हुए लिखा, ‘एक देश, एक फोटो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।’ वहीं कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा (Alka Lamba) ने चुटकी लेते हुए लिखा कि मोदी ही मुर्मू हैं।

यूजर्स के रिएक्शन : कांग्रेस नेता द्वारा शेयर की गई तस्वीर पर सोशल मीडिया यूजर्स कई तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों ने इस तस्वीर पर मजे लिए हैं तो वहीं कुछ लोगों ने कांग्रेस नेता पर भी कटाक्ष किया है। अनुराग नाम के एक यूजर ने इस पर सवाल किया – द्रौपदी मुर्मू की फोटो कहां है? चित्रा नाम की एक यूजर लिखती हैं, ‘भारत का मतलब इंदिरा बताने वाले लोग इस तरह के कमेंट कर रहे हैं। शर्मनाक।’

राघवेंद्र नाम के एक यूजर ने लिखा – यह दिखाता है कि बीजेपी राष्ट्रपति उम्मीदवार की कितनी रिस्पेक्ट करती है। रवि चौधरी नाम के एक यूजर ने चुटकी लेते हुए कमेंट किया कि क्रोनोलॉजी समझ रहे हैं आप? कुछ नहीं तो प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवार की एक पासपोर्ट साइज की ही फोटो डाल देते। अग्रवाल नाम के ट्विटर यूजर द्वारा लिखा गया, ‘यह पोस्टर देखकर मैं कंफ्यूज हो गया कि कहीं प्रधानमंत्री ही को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार नहीं हो गए।’

संघर्ष भरा रहा है द्रौपदी मुर्मू का सफर : राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू कि जिंदगी का सफर बेहद मुश्किल भरा रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत पार्षद के तौर पर की थी। साल 1997 में पार्षद बनी थी और साल 2000 में पहली बार विधायक और फिर भाजपा – बीजेडी सरकार में दो बार मंत्री भी रहीं। साल 2015 में उन्हें झारखंड का पहला महिला राज्यपाल बनाया गया।