किंग्स इलेवन पंजाब इंडियन प्रीमियर लीग सीजन 11 का अपना पहला मैच खेल चुकी है, जिसमें चेन्नई सुपरकिंग्स से पंजाब को करारी शिकस्त मिली थी। खैर, अभी तो सीजन की शुरुआत हुई है। हो सकता है, आने वाले मैचों में किंग्स इलेवन पंजाब बेहतरीन प्रदर्शन करके दिखाए। भले ही मैदान पर टीम कुछ खास प्रदर्शन न कर पाई हो, लेकिन मैदान के बाहर टीम की मस्ती को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाड़ी युवराज सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फोटो शेयर किया है, जिसमें क्रिस गेल और कप्तान रविचंद्रन अश्विन दिखाई दे रहे हैं। इस फोटो में अश्विन बहुत ही हैरान-परेशान से दिखाई दे रहे हैं।
अश्विन की इस हैरानगी का खुलासा युवराज सिंह ने किया है। युवराज सिंह के इस फोटो के कैप्शन में लिखा, “जब यूनिवर्सल बॉस हिंदी बोलते हैं।” इस पोस्ट के अनुसार, क्रिस गेल ने हिंदी में कुछ कहा था, जिसे सुनकर अश्विन चौंक गए और उनका मुंह खुला रह गया। इस फोटो पर कई इंस्टाग्राम यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक ने लिखा, “पाजी, इस घटना का वीडियो शेयर करो।” एक ने लिखा, “अगले मैच में क्रिस गेल को 11 की टीम में रखना।” एक ने लिखा, “आप सभी एक साथ काफी अच्छे दिखाई दे रहे हैं।”
इसके साथ ही कई यूजर्स ने युवराज सिंह को आत्मविश्वास के साथ खेलने की सलाह भी दे डाली। आपको बता दें कि किंग्स इलेवन पंजाब का हिस्सा बनने के बाद क्रिस गेल काफी उत्साहित हैं। अपना यह उत्साह जाहिर करते हुए क्रिस गेल ने पंजाबी वीडियो पर जमकर डांस किया था। क्रिस गेल के डांस का यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था, जिसमें वे भांगड़ा करते हुए दिखाई दे रहे थे। इस वीडियो को सोशल मीडिया यूजर्स ने काफी पसंद किया था। इस वीडियो के कैप्शन में क्रिस गेल ने लिखा था, “क्रिस गेल इंडिया आ रहा है।”

