भारतीय खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने जबसे टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया है तबसे वे अपने परिवार को ज्यादा समय दे पा रहे हैं। आज यानि सोमवार को धोनी की पत्नी साक्षी का जन्मदिन है। साक्षी के जन्मदिन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे काफी लोग शेयर कर रहे हैं। इस वीडियो में धोनी बहुत ही शालीनता के साथ साक्षी का जन्मदिन मनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि कैसे साक्षी जल्दबाजी में केक काट रही हैं कि तभी धोनी उनके हाथ से चाकू ले लेते हैं और साक्षी को बहुत ही प्यार से केक खिलाते हैं।
बता दें कि धोनी की साक्षी आज 29 साल की हो चुकी हैं और कई सोशल मीडिया यूजर्स और उनके दोस्त उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। देखें वीडियो:
Here comes Birthday celebration of our queen @SaakshiSRawat
Thank you @sapnabhavnani#Dhoni pic.twitter.com/GIw6ISENj9— MS Dhoni Fans #Dhoni (@msdfansofficial) November 19, 2017
पिछले कुछ समय से धोनी और साक्षी के मस्ती वाले कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। अभी कुछ हफ्ते पहले एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें धोनी बॉलीवुड फिल्म ‘देशी ब्वॉयज’ के गाने ‘झक मारके’ पर नाचते हुए दिखाई दिए थे। इस वीडियो में साक्षी भी नजर आई थी जो कि धोनी का डांस देखकर हंसकर लोटपोट होते हुए दिख रही थीं। इसके अलावा हाल ही में साक्षी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें धोनी फ्लाइट में अपने फैन्स से बचते हुए दिखाई दे रहे थे। इस वीडियो में देखा गया था कि फैन्स से बचने के लिए धोनी ने कंबल ओढ़ लिया था जिसे लेकर साक्षी ने उनका खूब मजाक उड़ाया था।
गौरतलब है कि धोनी ने 90 टेस्ट की 144 पारियों में 4876 रन बनाए थे। वहीं, वनडे में 309 मैच खेलकर माही 9,826 रन बना चुके हैं। टी20 में धोनी के नाम पर 1,281 रन हैं। हाल ही में कई पूर्व क्रिकेटरों ने धोनी के टी20 प्रदर्शन पर सवाल उठाए थे। धोनी की आलोचना इसलिए की गई थी क्योंकि हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में धोनी बड़ा स्कोर चेज नहीं कर पाए थे।