India Republic Day 2019, भारतीय गणतंत्र दिवस 2019: देश के 70वें गणतंत्र दिवस (26 जनवरी, 2019) पर अमेरिकी इंटरनेट सर्च इंजन गूगल ने एक खास डूडल बनाया। रंग-बिरंगे इस डूडल में भारत की विरासत और राष्ट्रपति भवन समेत कई चीजों की झलकियां दिखाई गई थीं। डूडल के डिजाइन में बैकग्राउंड में, यानी सबसे पीछे बीच में राष्ट्रपति भवन को दिखाया गया, जबकि उसके आस-पास हरियाली और पेड़-पौधे थे।
आगे बड़े-बड़े अक्षरों में गूगल लिखा था, जिसमें जी (G) में भारतीय नदियों और जैव विविधता को दर्शाने की कोशिश की गई, ओ (O) के जरिए विभिन्न प्रकार के स्मारकों से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दिखाया गया। वहीं, दूसरे ओ (O) में भारतीय पारंपरिक कलात्मक डिजाइनें बनी थीं। आगे फिर से आने वाले जी (G) में एक हाथी और राष्ट्रीय पक्षी मोर नजर आ रहा था, जबकि एल (L) को दिल्ली स्थित कुतुब मीनार के आकृति के जरिए बनाया गया। अंत में ई (E) में सैन्य दलों के जवान समूह में मार्च करते दिख रहे थे।
Highlights
सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद ने शनिवार को देश को सतत सुरक्षा प्रदान करने के लिए सुरक्षाबलों और उनके परिवारवालों का शुक्रिया अदा किया। पलजोर स्टेडियम में 70वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए उन्होंने कहा, "आइये हम उन बहादुर सैनिकों के समक्ष शीश नवाएं जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान की कुर्बानी दे दी।"'
देश के 70वें गणतंत्र दिवस पर शनिवार को समूचे उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया और समारोहों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन राज्य की राजधानी देहरादून के परेड मैदान में किया गया, जहां राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राष्ट्र ध्वज फहराया और पुलिस तथा अर्द्धसैनिक बलों की पारंपरिक सलामी ली। इससे पहले, राज्यपाल ने राजभवन में भी ध्वजारोहण किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई देते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपना 100 प्रतिशत योगदान देने की अपील की। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने आधिकारिक आवास पर ध्वजारोहण किया।
वाघा-अटारी बॉर्डर पर गणतंत्र दिवस की शाम बीटिंग रीट्रीट सेरेमनी जारी है। बॉलीवुड कलाकार विक्की कौशल, यामी गौतम और वरुण धवन वहां पहुंचे हैं, जबकि हजारों की संख्या में लोग कार्यक्रम का लुत्फ ले रहे हैं। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान इसमें पूरे जोश-ए-खरोश के साथ हिस्सा ले रहे हैं।
राजपथ पर निकाली गई परेड में भारतीय सेना के टी-90 टैंक, बॉलवे मशीन पीकेट (बीएमपी-कक/कक के), सर्फेज माइन क्लियरिंग सिस्टम, 115 मिमी/52 कैलिबर ट्रैकड सेल्फ प्रोपेल्ड गन (के-9 वज्र), ट्रांसपोर्टेबल सैटेलाइट र्टिमनल, ट्रूप लेवल रडार एंड आकाश वेपन सिस्टन का भी प्रदर्शन हुआ। सिख लाइट इन्फैंट्री, जम्मू और कश्मीर लाइट इन्फैंट्री, गोरखा ब्रिगेड, सेना सेवा कोर, सेना आपूर्ति कोर (उत्तर), प्रादेशिक सेना बटालियन की पैदल सेना ने हिस्सा लिया।
नई दिल्ली में आयोजित 70वें गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में नारी शक्ति का बोलबाला रहा। असम राइफल्स की महिला टुकड़ी ने पहली बार परेड में हिस्सा लेकर एक इतिहास बनाया। इस टुकड़ी का नेतृत्व मेजर खुशबू कंवर ने किया। नौसेना, सेना सेवा कोर की टुकड़ी और कोर ऑफ सिग्नल्स की एक इकाई का नेतृत्व भी महिला अधिकारियों ने किया।
गणतंत्र दिवस की इस साल थीम महात्मा गांधी की 150वीं जयंती से जुड़ी थी और कई राज्यों की झाकियां राष्ट्रपिता पर केन्द्रित रहीं। परेड में इंडियन नेशनल आर्मी (आईएनए) के चार दिग्ग्जों ने हिस्सा लिया, जिनकी आयु 90 वर्ष से अधिक है। भारतीय सेना ने यहां ‘आर्टिलरी गन सिस्टम '777 अमेरिकन अल्ट्रा लाइट हॉवित्जर’ का भी प्रदर्शन किया।
नई दिल्ली स्थित राजपथ पर 70वें गणतंत्र दिवस परेड में महिलाओं के शौर्य का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। महिलाओं ने नौसेना और सेना के कई दस्तों की अगुवाई की और एक महिला अधिकारी ने बाइक पर हैरतअंगेज करतब दिखाए। पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होकर असम राइफल्स के महिला दस्ते ने इस साल इतिहास रचा। नौसेना, भारतीय सेना सेवा कोर और सिग्नल्स कोर की एक यूनिट के दस्तों की अगुवाई महिला अधिकारियों ने की। डेयरडेविल्स टीम के पुरुष साथियों के साथ सिग्नल्स कोर की कैप्टन शिखा सुरभि बाइक पर करतब करने वाली महिला बनीं। यह टीम गणतंत्र दिवस पर हर साल आकर्षण का केंद्र रहती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 70वें गणतंत्र दिवस के मौके पर शनिवार को देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘सभी भारतवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई।’’ 26 जनवरी पर कई और नेताओं ने भी बधाई देने के लिए सोशल मीडिया को जरिया बनाया। केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने ट्वीट किया, ‘‘गणतंत्र दिवस 2019 की सभी को बधाई।’’ रेल मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्रियों- मेनका गांधी, स्मृति ईरानी, प्रकाश जावड़ेकर और जे पी नड्डा एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्विटर पर लोगों को बधाई दी।
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा देश के 70वें गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड के साक्षी बने। रामफोसा ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य नेताओं के साथ राजपथ पर परेड का आनंद लिया। नेल्सन मंडेला के बाद भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले वह दूसरे दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति है। पिछले साल 10 आसियान देशों के नेताओं ने गणतंत्र दिवस परेड देखी थी। 2017 में अबु धाबी के वली अहद शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और 2016 में फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि थे।
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने देश की जनता को 70वें गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देशवासियों से एक मजबूत, आत्मविश्वासी, शांतिपूर्ण तथा आर्थिक रूप से समृद्ध राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराने की अपील की। उपराष्ट्रपति ने अपने संदेश में देशवासियों से शांतिपूर्ण, समृद्ध तथा करुणामय विश्व के निर्माण में सर्वश्रेष्ठ योगदान देने तथा वसुधैव कुटुम्बकम के आदर्श का अहसास करने को कहा। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ भारत के 70वें गणतंत्र दिवस की खुशी के पर्व पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं और बधाई। इस गणतंत्र दिवस पर हम मजबूत, आत्मविश्वासी, शांतिपूर्ण तथा आर्थिक रूप से समृद्ध, सामाजिक रूप से प्रगतिशील और सांस्कृतिक रूप से जीवंत राष्ट्र बनाने के अपने संकल्प को दोहराएं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हम शांतिपूर्ण, समृद्ध तथा करुणामय विश्व के निर्माण में सर्वश्रेष्ठ योगदान दें तथा वसुधैव कुटुम्बकम के आदर्श का अहसास करें।’’
नई दिल्ली में अमर जवान ज्योति चौक पर सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे थे। उन्होंने यहां देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। पीएम के साथ इस दौरान रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण भी मौजूद रहीं। साल 1971 में देश ने पाकिस्तान को युद्ध मे धूल चटा दी थी, तब पाक के 90 सैनिक बंदी बनाए गए थे। हालांकि, देश के करीब तीन हजार जवानों ने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। उन्हीं अनाम सैनिकों की याद में अमर जवान ज्योति का निर्माण कराया गया। इसमें अनाम सैनिक की बंदूक और हेलमेट प्रतीक के रूप में दर्शाई गई है, जिसमें राइफल के ऊपर हेलमेट रखा दिखता है।
आज 70वां गणतंत्र दिवस है। देश की राजधानी नई दिल्ली में राजपथ पर देश की ताकत दिखी। भव्य परेड और मनमोहक झाकियां निकाली गईं, जिसमें देश की सांस्कृति और ऐतिहासिक विरासत दिखाई गई। तिरंगा फहराने के बाद परेड की शुरुआत हुई। 26 जनवरी पर इस बार दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शामिल होने पत्नी के साथ आए।
यह डूडल नई दिल्ली के इलस्ट्रेटर इब्राहिम रयीनतखत ने बनाया था। डिजाइन में उन्होंने खूब चमचमाते और आकर्षित करने वाले रंग इस्तेमाल किए थे। उन्होंने इस डूडल में विभिन्न राज्यों की संस्कृति की झलक कुछ ऐसे दिखाई थीः