सोशल मीडिया पर वायरल होने का जो भूत खासकर युवाओं पर चढ़ा है वह उन्हें गर्त में ले जा रहा है। वायरल होने के लिए आजकल के युवा क्या कुछ नहीं कर रहे। अश्लीलता से लेकर अजीबोगरीब हरकतें करके वह बस सोशल मीडिया पर वायरल होना चाहते हैं। इतना ही नहीं कुछ तो पब्लिक प्लेस में लोगों नियमों को ताक पर रखकर भी वीडियो बनाने लगे हैं तो कुछ युवा धार्मिक स्थलों की गरिमा को भी धूमिल कर चुके हैं। इस बीच इंटरनेट पर हैदराबाद के एक लड़के का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो की वजह से वह लड़का हवालात के पीछे चला गया है।
हवा में उड़ाई भारतीय करंसी
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो हैदराबाद का है। वीडियो में एक लड़का पब्लिक प्लेस में वो भी ट्रैफिक के बीच नोट हवा में उड़ाता हुआ दिख रहा है। यह लड़का 100-100 के नोट हवा में उड़ाता है और लोगों के बीच भगदड़ पैदा करने की कोशिश करता है। हवा में पैसे उड़ते देख लोग भी इधर-उधर भागने लगते हैं। लड़के की इस हरकत ने ना सिर्फ अराजकता फैलाने की कोशिश की बल्कि इस दौरान ट्रैफिक भी बाधित हुआ।
लोगों ने की गिरफ्तारी की मांग
इस वीडियो को जिस किसी ने भी देखा उसने नाराजगी ही जाहिर की। वीडियो पर लोगों ने इस लड़के को खूब खरी-खोटी सुनाई। लोगों ने इस लड़के के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। एक यूजर ने लिखा- उन्हें तुरंत गिरफ्तार करें। दूसरे यूजर ने लिखा कि संवेदनहीन स्टंट, देखने वालों पर शर्म आती है, इस तरह के स्टंट की रिपोर्ट करें तभी यह अकाउंट सस्पेंड किया जाएगा।
पुलिस ने लिया हिरासत में
वीडियो वायरल होने के बाद इस लड़के पर एक्शन भी हुआ। पुलिस ने इसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने ट्रैफिक रोकने और अराजकता फैलाने के आरोप में व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने लड़के को हिरासत में लेकर कोर्ट के सामने पेश किया जिसके बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान उजागर की है। इस शख्स का नाम कुरापति वामशी (23) है। पुलिस ने इसके खिलाफ सड़क पर उपद्रव करने, लापरवाही से काम करने और यातायात की आवाजाही में बाधा डालने का आरोप लगाए हैं।