शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद मचे सियासी घमासान के बाद वह अपने विधायक को लेकर लेकर पहले गुजरात के सूरत पहुंचे थे। इसके बाद वह असम के गुवाहाटी पहुंच गए। इसी विषय पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विस्वा शर्मा ने कहा कि अन्य राज्यों के भी विधायक यहां आ सकते हैं। इस पर लोग चुटकी लेते हुए कई तरह के कमेंट कर रहे हैं।
हिमंत विस्वा शर्मा का बयान : असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि शिवसेना के विधायक उन्हीं के राज्य में हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनका महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम से किसी भी प्रकार का कोई लेना देना नहीं है। असम सीएम ने यह भी कहा कि उनका राज्य पर्यटक स्थल के तौर पर अपनी अलग पहचान रखता है और राज्य में कई प्रकार के अच्छे होटल भी हैं। जिसमें कोई भी आकर रुक सकता है, फिलहाल दूसरे राज्यों के विधायक भी यहां आकर रुक सकते हैं।
लोगों के रिएक्शन : रंजन पांडे नाम के एक यूजर लिखते हैं – क्या गजब का हेलीकॉप्टर शॉट मारा है। अनुराग तिवारी नाम की एक यूजर ने चुटकी लेते हुए कमेंट किया, ‘ इनका तो अलग ही स्वैग है।’ हिमांशु वर्मा नाम के ट्विटर हैंडल से लिखा गया कि कहीं अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए राजस्थान की बात तो नहीं कर रहे हैं। नितेश मिश्रा ने लिखा – चाचा छा गए, पुलिस को जैसे बागवानी का पहरा देने के लिए बैठाई गई है।
पप्पू सिंह नाम के एक यूजर कमेंट करते हैं कि असम वालों ने ऐसा कौन सा मुख्यमंत्री चुन लिया है जिसे यह भी नहीं पता है कि 40 विधायक उसके राज्य में सैर सपाटा कर रहे हैं। आर के शर्मा नाम के यूजर ने लिखा – राजस्थान वालों के लिए भी रास्ता खुल गया है। नवीन कुमार नाम के एक यूजर ने लिखा कि यह तो बढ़िया है कि आप टूरिस्टम को बढ़ा रहे हैं, चलिए इसी बहाने राजस्थान वालों को भी बुला लीजिए।
जानकारी के लिए बता दें कि एकनाथ शिंदे ने दावा किया है कि उनके साथ शिवसेना के अलावा निर्दलीय विधायक भी उपस्थित हैं। जिनकी संख्या 46 के आसपास है। गुवाहाटी में अपने विधायकों के साथ उपस्थित शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे का कहना है कि एक राष्ट्रीय पार्टी ने उनके विद्रोह को ऐतिहासिक करार दिया है और सभी सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।