हाथरस गैंगरेप केस पर लोगों में आक्रोश है। मंगलवार को पीड़िता की मौत के बाद रात के अंधेरे में पुलिस ने उसका अंतिम संस्कार करवा दिया। इस घटना को लेकर लोग मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक में अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। तमाम राजनीतिक दल भी यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के नेता कन्हैया कुमार का इस मामले पर ट्वीट वायरल हो रहा है।
कन्हैया कुमार ने ट्वीट करते हुए लिखा- उत्तर प्रदेश का बीजेपी एमएलए कुलदीप सेंगर याद है? सत्ता ने बलात्कार और हत्या के इस आरोपी को बचाने का भरपूर प्रयास किया था। इससे ही बलात्कारियों का मनोबल बढ़ता है। हाथरस की दर्दनाक घटना में भी यही देखने को मिला है। बलात्कारी बेख़ौफ होकर हमारी निर्भयाओं को बलात्कार के बाद मौत के घाट उतार रहे हैं।
UP का BJP MLA कुलदीप सेंगर याद है? सत्ता ने बलात्कार और हत्या के इस आरोपी को बचाने का भरपूर प्रयास किया था। इससे ही बलात्कारियों का मनोबल बढ़ता है। हाथरस की दर्दनाक घटना में भी यही देखने को मिला है। बलात्कारी बेख़ौफ होकर हमारी निर्भयाओं को बलात्कार के बाद मौत के घाट उतार रहे हैं।
— Kanhaiya Kumar (@kanhaiyakumar) September 29, 2020
कन्हैया ने आगे कुछ मीडिया हाउस पर भी निशाना साधते हुए लिखा- बलात्कारियों ने देश की एक बेटी की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी और उसकी ज़ुबान काट दी ताकि वो बलात्कारियों के खिलाफ़ बोल ना सके। पूछता है भारत कि मीडिया ने अपनी रीढ़ की हड्डी क्यों तोड़ ली और ज़ुबान क्यों सिल ली? इतना भी नहीं बोल पा रहे हैं कि हाथरस उत्तर प्रदेश में है।
बलात्कारियों ने देश की एक बेटी की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी और उसकी ज़ुबान काट दी ताकि वो बलात्कारियों के खिलाफ़ बोल ना सके।
पूछता है भारत कि मीडिया ने अपनी रीढ़ की हड्डी क्यों तोड़ ली और ज़ुबान क्यों सिल ली? इतना भी नहीं बोल पा रहे हैं कि हाथरस उत्तर प्रदेश में है।
— Kanhaiya Kumar (@kanhaiyakumar) September 29, 2020
कन्हैया कुमार के इन ट्वीट्स को बड़ी संख्या में रिट्वीट्स मिले हैं। तमाम यूजर्स कन्हैया कुमार से सहमति जताते हुए अपराधियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं। वहीं कुछ यूजर्स कन्हैया कुमार पर इस मामले में राजनीति करने का आरोप लगाते हुए ट्रोल कर रहे हैं।
बता दें कि 14 सितंबर की सुबह हाथरस गैंगरेप की इस वीभत्स घटना को चार लोगों ने अंजाम दिया था। पुलिस में दर्ज एफआईआर के आधार पर बताया जा रहा है कि पीड़िता खेत में चारा काट रही थी तभी गांव के ही चार युवक वहां पहुंचे और लड़की को खींचकर बाजरे के खेत में ले गए, जहां उन चारों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
अपने साथ हो रहे दुराचार का विरोध करने पर चारो आरोपियों ने पहले तो लड़की को जमकर पीटा और फिर उसे मरा समझकर वहां से फरार हो गए थे। इस केस में सामूहिक बलात्कार की धारा लगाने में हाथरस पुलिस ने 9 दिन का वक्त लगा दिया। इसको लेकर भी लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है।
