पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज सोशल मीडिया में काफी एक्टिव रहती हैं। सोशल मीडिया के जरिए ही कई मर्तबा वो लोगों की परेशानियां भी दूर कर चुकी हैं। हाल ही में सुषमा स्वराज को एक शख्स ने ट्विटर पर ट्रोल करने की कोशिश की। लेकिन ट्रोल का दांव तब उल्टा पड़ गया जब सुषमा स्वराज ने पलट कर जवाब दिया। सुषमा स्वराज के जवाब के बाद लोग उस शख्स को ही ट्रोल करने लगे।
दरअसल हुआ ये कि रविवार को बीजेपी नेता मांगे राम गर्ग के निधन पर सुषमा ने ट्वीट के जरिए शोक व्यक्त किया। सुषमा स्वराज ने लिखा- श्री मांगे राम गर्ग जी के अकस्मात निधन का समाचार सुन कर बहुत दुःख हुआ। वह भारतीय जनता पार्टी के बहुत निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने अनेक पदों पर रह कर अपने दायित्व को बहुत ज़िम्मेदारी और कर्मठता से निभाया। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति पहुंची है। मृत्यु के बाद भी उन्होंने देहदान करके अपने पार्थिव शरीर को भी समाज के लिए समर्पित कर दिया। उनकी स्मृति को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।
सुषमा स्वराज के इस ट्वीट पर @KhanAIrfan_ नाम के अकाउंट से लिखा गया- आपकी भी बहुत याद आएगी एक दिन, शीला दीक्षित की तरह अम्मा। इस शख्स के ट्वीट पर सुषमा स्वराज ने करारा जवाब देते हुए लिखा- इस भावना के लिए आपको मेरा अग्रिम ध्न्यवाद।
सुषमा स्वराज ने उस शख्स को अपने जवाब से शांत तो करा दिया लेकिन बहुत से लोग उसे ट्रोल करने लगे। @pervaizalam ने लिखा- ये अपने परिवार वालों को भी ऐसे ही याद करता होगा। मैम आपने शानदार तरीके से इसे मुंहतोड़ जवाब दिया है। @shanu_sab ने लिखा – ये ज़ेहनी बीमार लोग हैं, और सच तो ये है कि आप अब भी शिद्दत से याद आती हैं। विदेश मंत्री रहते हुए आपने जो काम किया है, वो देश से बाहर रहने वाले लोग समझ सकते हैं। आज भी उन परिवारों के लोग आपको दुआएं देते हैं जिनकी एक ट्वीट और उनकी गुज़ारिश पर आपने उनकी मदद की। आपकी लम्बी आयु हो। इसी तरह के तमाम कमेंट्स आए।
बता दें कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का शनिवार को निधन हो गया। वो 81 वर्ष की थीं। लोगों ने शीला दिक्षित के निधन पर अपनी श्रद्धांजलि दी। उन्हीं के निधन पर ये शख्स सुषमा स्वराज को ट्रोल करने की कोशिश कर रहा था।
