यह पर्यटक ग्लेशियर की पिघलती बर्फ के बीच अचानक घिर गए। इस मुश्किल हालात में अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने वहां दौड़ लगा दी। यह घटना आईसलैंड की है। बीते रविवार (31 मार्च, 2019) को यह टूरिस्ट वत्नाजोकूल नेशनल पार्क घूमने के लिए गए थे। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक यह पर्यटक घटना के वक्त Breidamerkurjokull ग्लेशियर पर मौजूद थे। इस घटना को माउन्टेन गाइड स्टीफन मान्टलर ने अपने कैमरे में कैद किया है। मान्टलर ने अपने फेसबुक पर इसका वीडियो भी शेयर की है। इसके बाद इस वीडियो को फेसबुक पर कई लोगों ने देखा और शेयर भी किया है।

इस वीडियो में नजर आ रहा है कि कई लोग ग्लैशियर पर मौजूद हैं। अचानक ग्लेशियर का एक हिस्सा टूटता और तेजी से पिघलने लगता है। पिघलते ग्लेशियर को देख यह पर्यटक जान बचाने के लिए वहां तेजी से दौड़ कर भागने लगे। ग्लैशियर काफी तेजी से पिघलता जा रहा था। ABC News के मुताबिक इस घटना में सभी पर्यटक पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

मान्टलर ने CNN से बातचीत करते हुए कहा कि जब उन्होंने ग्लेशियर के टूटने की आवाज सुनी तो उन्होंने तुरंत अपना फोन निकाला और इस पूरी घटना को रिकॉर्ड करने लगे। उन्होंने इस बात पर भी नजर रखी थी कि उनके क्लाइंट और दूसरे अन्य पर्यटक पूरी तरह से सुरक्षित वहां से निकल सकें। उन्होंने कहा कि ‘ग्लेशियर का टूटना सामान्य बात है लेकिन इस साल यह एक बड़ी घटना है। अंत में अच्छी बात यह रही कि सभी पर्यटक और दूसरे गाइड वहां से सुरक्षित निकलने में कामयाब हो गए।