मध्य प्रदेश के मैहर में चाय पीने के बाद परिवार के सभी लोगों का हालत खराब होने लगी। सभी एक-एक करके लगे उल्टी करने। पहले तो किसी के समझ में नहीं आया मगर जब सभी बीमार पड़ने लगे तो जाकर वह बर्तन चेक किया जिसमें चाय बनी थी। बर्तन देखने के बाद सभी के होश उड़ गए।

चाय के साथ उबाल दी छिपकली

दरअसल, जिस बर्तन में चाय बनी थी उसमें मरी हुई छिपकली थी। सुबह-सुबह सभी ने चाय पी और फिर बीमार पड़ गए। हालात खराब होने पर सभी को एंबुलेंस से रामनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है। घटना मैहर जिले के रामनगर थाना अंतर्गत बटईया गांव की है। जहां सुबह के समय यादव परिवार की महिला ने सभी को चाय बनाकर दिया था। चाय पीते ही सबको उल्टी होने लगी। जब महिला ने बर्तन देखा तो उसमें मरी हुई छिपकली थी। उसने सबको ये बात बताई। पूरे गांव के लोग जमा हो गए।

हुआ यूं कि मनभरण यादव का पूरा परिवार सोमवार की सुबह नींद से जागा। घर की महिला ने सभी को सुबह की चाय पिलाई। छिपकली गिरकर चाय के साथ उबल गई. महिला ने चाय छानी और सभी को दे दी। इसके बाद सभी को चक्कर आने लगा और उल्टी होने लगी। इसके बाद परिजन को अस्पताल ले जाया गया, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।