फेस्टिव सीजन के मौके पर मार्केट में नकली मिठाईयां तो खूब पकड़ी जाती हैं, क्योंकि त्योहार के मौके पर नकली मिठाईयां धड़ल्ले से बिकती भी हैं, लेकिन क्या आप इस बात पर यकीन करेंगे कि मार्केट में नकली लहसुन भी बेचा जा रहा है। जी हां, महाराष्ट्र के अकोला से यह चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
बाजोरिया नगर में बिक रहा था सीमेंट वाला लहसुन
अकोला शहर के बाजोरिया नगर में नकली लहसुन बेचे जाने का मामला सामने आया है। यहां पुलिस विभाग से रिटायर सुभाष पाटील नाम के एक व्यक्ति के साथ ऐसा हुआ है। उनकी पत्नी ने कॉलोनी में सब्जी बेचने आए रेहड़ी वाले से लहसुन खरीदा था, लेकिन जब लहसुन का इस्तेमाल घर में करना चाहा तो उनके पैरों धरती खिसक गई, क्योंकि एकदम असली दिखने वाला लहसुन नकली निकला। उस लहसुन को सीमेंट से तैयार किया गया था।
वायरल हो रहा वीडियो
इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि नकली दिखने वाला लहसुन एकदम असली दिख रहा है, लेकिन जैसे ही उसे काटने के लिए उस पर चाकू चलाया तो अंदर सीमेंट निकला। सुभाष पाटील की पत्नी के मुताबिक, उन्होंने एक रेहड़ी वाले से लहसुन खरीदा था। जैसे ही वह लहसुन छीलने लगीं तो उसकी कली अलग ही नहीं हुई। असली और नकली में बाहर से अंतर करना बहुत मुश्किल दिख रहा है।
नकली लहसुन से रहें सावधान
नकली लहसुन का नेटवर्क हो सकता है कि महाराष्ट्र से भी बाहर आ जाए। अगर आप इस धोखाधड़ी का शिकार होना नहीं चाहते हो तो लहसुन खरीदने से पहले उसे वहीं पर अच्छे से चेक कर लें, क्योंकि लहसुन की कीमत इस वक्त आसमान छू रही हैं। लहसुन का रेट 200-250 रुपए किलो चल रही है।