डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। 70 साल के ट्रंप ने नेशनल मॉल में सर्द मौसम के बीच करीब आठ लाख लोगों के समक्ष शपथ ली। इसके साथ ही अब दुनिया के सबसे पुराना लोकतांत्रिक देश में 8 साल का ओबामा शासन समाप्त हो गया। राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप ने हिलेरी क्लिंटन को पराजित किया था। उन्होंने अब्राहम लिंकन की बाइबल पर हाथ रखकर पद की शपथ ली और इसके साथ ही वे उस कुर्सी पर आसीन हो गए जो दुनिया में सबसे शक्तिशाली कही जाती है। माइक पेंस ने उप राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। उन्होंने ट्रंप से पहले शपथ ली। शपथ से पहले ट्रंप ने वाइट हाउस में बराक ओबामा से मुलाकात की।

उन्होंने ओबामा का स्थान लिया है जो 2009 में राष्ट्रपति बने थे और अपने दो कार्यकाल पूरे किए हैं। अमेरिका में 1789 में जॉर्ज वाशिंगटन के पहले राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने के बाद से यह राष्ट्रपति पद का 58वां शपथ ग्रहण समारोह था। ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ने वाइट हाउस में ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया का अभिवादन किया। ओबाना बतौर राष्ट्रपति अपने कुछ आखिरी ट्वीट किए तो वहीं ट्रंप ने भी बतौर राष्ट्रपति अपने कुछ पहले ट्वीट किए। बराक ने ट्वीट में कहा कि वो अभी भी लोगों के लिए आवाज उठाते रहेंगे। साथ ही लोगों के सेवा करने के मौके को उन्होंने अपना सम्मान बताया।

 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस मौके पर शपथग्रहण समारोह के बाद ट्विटर पर ट्वीट करके अपने मन की बात रखी। ट्रंप ने एक ट्वीट में लिखा कि 20 जनवरी 2017 याद किया जाएगा क्योंकि इस दिन देश के नागरिक एक बार फिर देश के शासक बन गए हैं।

https://twitter.com/realDonaldTrump/status/822502601304526848.