दुनिया के सबसे ऊंचे और ठंडे युद्ध क्षेत्र पर तैनात देश के बहादुर जवानों ने इस गणतंत्र दिवस पर गर्मागर्म पिज्जा के स्वाद का आनंद लिया है। जी हां, दरअसल पिज्जा डिलीवर करने वाली कंपनी Domino’s ने भारत के वीर जवानों को सम्मान देने के लिए बीते 26 जनवरी को सियाचिन की बर्फीली पहाड़ियों पर गर्म पिज्जा डिलीवर किया है। कंपनी ने दुर्गम सियाचिन तक पिज्जा पहुंचाने के लिए एक टीम का गठन किया। इस टीम ने इस बार गणतंत्र दिवस के मौके पर जवानों तक गर्म पिज्जा पहुंचाया। 20,000 फीट की ऊंचाई पर जहां तापमान (- 0डिग्री) सेल्सियस रहता है वहां Domino’s के द्वारा पिज्जा डिलीवर किए जाने की कई लोगों ने प्रशंसा की है।

कंपनी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस बात की जानकारी दी है। कंपनी ने लिखा कि ‘ हमें इस बात का गौरव हासिल हुआ है कि हम गर्म पिज्जा अपने उन बहादुर जवानों और अधिकारियों तक पहुंचा सके जो सियाचिन में हमारी हिफाजत के लिए अपनी अनमोल सेवा दे रहे हैं।’ ट्विटर पर कई लोगों ने कंपनी की तारीफ की है।

बता दें कि सियाचिन ग्लेशियर हिमालय की पूर्वी कारोकरम पर्वतमाला में भारत-पाक नियंत्रण रेखा के पास स्थित है। यहां ठंड में तापमान शून्य से 50 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच जाता है। यहां भारतीय सैनिक लकड़ी की चौकियों पर स्लीपिंग बैग में सोते हैं, मगर ख़तरा सोते समय भी मंडराता रहता है क्योंकि ऑक्सीजन की कमी की वजह से कभी-कभी सैनिकों की सोते समय ही जान चली जाती है।

सियाचिन में कमर की ऊंचाई तक बर्फ जमा होने की वजह से सैनिकों का चलना भी मुश्किल होता है। यहां तीन कदम चलने के बाद सैनिक थक जाते हैं इसलिए यहां सिर्फ शारीरीक और मानसिक रुप से मजबूत सैनिकों की ही भर्ती की जाती है।